जाका, पिथौरागढ़ : भाजपा प्रत्याशी प्रकाश पंत ने पिथौरागढ़ विधानसभा सीट से अपना नामांकन कर लिया है। समर्थकों की भारी भीड़ के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर रिटर्निग आफीसर के समक्ष नामांकन दाखिल किया। जिले की पांचों विधानसभा सीटों से यह पहला नामांकन भरा गया है।
नामांकन से पूर्व पिथौरागढ़ नगर सहित विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से कार्यकर्ता घंटाकरण स्थित पार्क में पहुंचना शुरू हो गए थे, जहां से दोपहर बाद विशाल जुलूस निकला। जुलूस नगरपालिका चौराहा, सिमलगैर, नयाबाजार, केमू स्टेशन होते हुए टकाना स्थित रामलीला मैदान पहुंचा, जहां पर एक सभा हुई। सभा में भाजपा के वक्ताओं ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा का जीतना तय बताया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी प्रकाश पंत ने कहा कि नामांकन के दौरान जनता का जो सहयोग मिला है उससे चुनाव में भाजपा की जीत तय है। उनका प्रयास समाज के सभी वर्गाें का उत्थान और अंतिम छोर के व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना है, जिसके लिए उन्होंने प्रयास किया है और करते रहेंगे।
पंत ने कहा कि उनके कार्यकाल में बेस अस्पताल, इंजीनियरिंग कालेज, स्पोर्टस कालेज, नर्सिग ट्रेनिंग कालेज स्वीकृत हुए। सैकड़ों किमी सड़कों का निर्माण हुआ है। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष किशन भंडारी ने कांग्रेस से सावधान रहने को कहा। कहा कि गत चुनाव में कनालीछीना से कांग्रेस प्रत्याशी जीते थे जहां पर पांच वर्षो के बीच विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया।
सभा को नगरपालिकाध्यक्ष राजेन्द्र रावत, दायित्वधारी केदार जोशी, केमएमवीएन उपाध्यक्ष माधवानंद जोशी, दुग्ध संघ अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मनोज भट्ट, गोपू महर, देवी दत्त जोशी, गोविन्द राम, अब्दुल हफीज राही, उपाध्यक्ष गिरीश जोशी, इंद्र लुंठी आदि ने संबोधित किया। वहीं प्रत्याशी प्रकाश पंत ने अपने पांच प्रस्तावकों के साथ रिटर्निग आफीसर एसडीएम आरडी पालीवाल को नाम निर्देशन पत्रों के सैट जमा किए।
:::::
मौसम खराब होने से नहीं पहुंच सके कोश्यारी
पिथौरागढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगत सिंह कोश्यारी मौसम खराब होने के कारण प्रकाश पंत के नामांकन पर नहीं पहुंच सके। उन्होंने मोबाइल फोन से जनता से प्रकाश पंत को विजयी बनाने की अपील की। सभा स्थल पर मोबाइल फोन को लाउड स्पीकर से जोड़कर संदेश का प्रसारण किया गया।