डीडीहाट, जागरण कार्यालय : डीडीहाट में भी आदर्श आचार संहिता को धता बताते हुए जौरासी से चौबाटी तक सड़क काटने का कार्य शुरु किया गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और विभाग सजग हो गए हैं।
तहसील डीडीहाट में जौरासी से चौबाटी तक दस किमी सड़क स्वीकृत है। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा की पीएमजीएसवाइ विंग द्वारा इस सड़क का निर्माण किया जाना है। विभाग द्वारा सड़क के लिए टेंडर स्वीकृत तो किए गए परन्तु चुनाव अधिसूचना जारी होने के कारण कार्य शुरु करने के लिए ठेकेदार से बाण्ड नहीं भरवाए थे, जिसके चलते मार्ग निर्माण का अनुमति पत्र नहीं दिया गया था। इधर बीते दिनों से जौरासी से सड़क कटान का कार्य शुरु कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सौ मीटर से अधिक सड़क का कटान किया जा चुका है। आचार संहिता लागू होने के कारण कुछ लोगों द्वारा सड़क निर्माण होने की सूचना विभाग को दी गई।
इस संबंध में जब आरईएस पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें अभी तक सड़क कटान के कार्य की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि सड़क कटान का कार्य किया जा रहा है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। वहीं इस सड़क का कार्य देख रहे अवर अभियंता एलपी जोशी का कहना है कि इसके लिए ठेकेदार को नोटिस भेज दी गई है। साथ ही बिना अनुमति पत्र के कार्य करने को लेकर ठेकेदार के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा शनिवार को मार्ग निर्माण होने की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रिटर्निग ऑफीसर बीएल राणा ने इसे गंभीर बताया है। उन्होंने कहा है कि इस मामले की राजस्व टीम द्वारा जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई अमल में आएगी। मालूम हो कि बीते दिनों पिथौरागढ़ में भी सड़क काटने का मामला सामने आया था। आरओ द्वारा इसकी जांच किए जाने पर ग्रामीणों द्वारा श्रमदान से कार्य किए जाने की पुष्टि हुई थी, जिसे प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया था।