निप्र, नाचनी (डीडीहाट) : चुनाव प्रचार के दौरान प्रतिद्वंद्वी अक्सर आमने सामने पड़ जाते हैं। प्रतिद्वंद्वी के आमने -सामने पड़ जाने पर उनकी प्रतिक्रिया को देखने की लोगों में भी खासी उत्सुकता रहती है। शुक्रवार को धारचूला विधानसभा क्षेत्र में नाचनी में भी ऐसा ही वाकया पेश आया। जनसम्पर्क अभियान में कांग्रेस प्रत्याशी हरीश धामी और निर्दलीय प्रत्याशी गगन रजवार नाचनी में आमने -सामने हो गए। दोनों ने एक-दूसरे के गले में माला डाली।
नाचनी बाजार में एसबीआइ के निकट जब गगन रजवार एक घर में जनसम्पर्क कर बाहर निकल रहे थे ठीक इसी वक्त कांग्रेस प्रत्याशी हरीश धामी भी वहां पहुंच गए। समर्थकों से घिरे दोनों प्रतिद्वंद्वियों की प्रतिक्रिया देखने भारी संख्या में लोग भी जुट गए। चुनावी माहौल में स्थिति की नजाकत देखते हुए दोनों ने एक दूसरे के गले में फूलों की माला डालकर गले मिलन भी किया। एक दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए अपने-अपने रास्ते पकड़े।