अल्मोड़ा, जाका : गणतंत्र दिवस की 62वीं वर्षगांठ जिले भर में समारोहपूर्वक मनायी गई। सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। मुख्य समारोह कलक्ट्रेट में हुआ। यहां जिलाधिकारी डीएस गब्र्याल ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देवेंद्र सनवाल ने लोगों से पूरी ईमानदारी के साथ कार्य कर देश की प्रगति के लिए जुटने का आह्नान किया।
जिलाधिकारी डीएस गब्र्याल ने सशक्त लोकतंत्र के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने की बात कही। कहा कि आज देश में सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार को खत्म करने की है। जिसके लिए अब जनता जागरूक हो रही है। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी जगदीश पांडे, जवाहर लाल साह, हरिकृष्ण लाल साह, महेश्वर रावत, प्रफुल्ल पंत, मनोहर लाल साह, गिरीश चंद्र तिवारी, एडीएम राजीव साह, मदन लाल साह, ईश्वर सिंह खलझूनियां आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम के बाद एचएनबी स्टेडियम में भव्य पुलिस परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी
जिलाधिकारी ने ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि वह निर्भीक होकर अपना कार्य करें। इससे पूर्व उन्होंने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर एसपी ने हैड कांस्टेबल आनंद लाल आगरी को सेवा सम्मान से पुरस्कृत होने पर सम्मानित किया। मौके पर एसडीएम अजय अरोड़ा, एसपी पीएस रावत, डीएसपी आरएस जयंत, कमल राम, दीपक जोशी, एनएन त्रिपाठी, पंकज उपाध्याय, राशिका सिद्दकी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन गिरीश मल्होत्रा ने किया। इधर उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक लीग के जिला कार्यालय में लीग के अध्यक्ष चंदन सिंह पंवार, 42वीं वाहिनी एसएसबी में सेनानायक महावीर सिंह नेगी, जन शिक्षण संस्थान में लेखाकार निधि जोशी व राइंका भगतोला में प्रधानाचार्य डीके जोशी ने ध्वजारोहण किया।