गोपेश्वर: प्रशासन ने मतदान दिवस पर सभी सरकारी व गैर सरकारी विभागों में अवकाश की घोषणा की है, लेकिन डाक विभाग में इस दिन किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं रहेगा। दरअसल, भारत सरकार की ओर से डाक विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान के दिन सभी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी करेंगे। हालांकि, मतदान के लिए कुछ समय दिया गया है।
भारत सरकार के पोस्टस मेल बिजनिस डिवीजन की ओर से यह आदेश उत्तराखंड के अन्य जनपदों की तरह चमोली जिले में भी भेजा गया है। इसमें स्पष्ट है कि मतदान दिवस को किसी भी डाक विभाग में किसी प्रकार का अवकाश नहीं रहेगा। इस आदेश के बाद डाक विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों के सामने यह संकट खड़ा हो गया है कि वे अपने मतदान केंद्रों तक कैसे पहुंचेंगे। बता दें कि मुख्य डाकघर में जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के कर्मचारी भी तैनात हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के अधिकारी व कर्मचारी भी यहां नौकरी करते हैं। इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मतदान के लिए कुछ समय अधिकारियों व कर्मचारियों को छुट्टी दी जाएगी। मुख्य डाकघर की ही बात करें तो यहां मुख्यालय से 55 किमी दूर जोशीमठ तपोवन के अलावा अन्य सुदूर क्षेत्रों के कर्मचारी नौकरी करते हैं।