गढ़वाल, टीम जागरण : आगामी 30 जनवरी को विस चुनाव संपन्न कराने के लिए दूर-दराज मतदान केंद्रों की ओर पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू कर दी गई है। कर्णप्रयाग में दुग्ध संघ परिसर सिमली से गैरसैंण विकासखंड के सुदूरवर्ती मतदान केन्द्र पज्याणा मल्ला की सात सदस्यी पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया। गोपेश्वर से तीन विस क्षेत्रों की ओर 20 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। पौड़ी से चौबट्टाखाल सीट के लिए 208 पोलिंग पार्टियां आज निकलेंगी।
गोपेश्वर : जिले की तीनों विधानसभाओं में मतदान संपन्न कराने के लिए 20 पोलिंग पार्टियां दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दी गयी हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रंजीत सिन्हा ने बताया कि बदरीनाथ विस के लिए 11, थराली के लिए 8 और कर्णप्रयाग विस के लिए एक पोलिंग पार्टी भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि दुर्गम स्थानों वाली पार्टियों को आकस्मिक स्थिति के लिए रिजर्व में एक-एक ईवीएम भी दी गयी है।
आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
पौड़ी : चौबट्टाखाल विधान सभा क्षेत्र के लिए 208 मतदान पार्टियां आज मुख्यालय से रवाना होंगी, जबकि रविवार को 86 मतदान पार्टियां पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों के लिए रवाना होंगी। डीएम एमसी उप्रेती ने कंडोलिया मैदान में निर्वाचन कार्यो के लिए नियुक्त पैरा फोर्स, पुलिस व होमगार्ड, पीआरडी व वन दरोगा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी पर लगे पुलिस अधिकारी व कर्मचारी चुनाव संपन्न कराने में किसी भी प्रकार की त्रुटि न करें। पुलिस अधीक्षक अनंत शंकर ताकवाले ने कहा कि चुनाव शिकायतों को ध्यान से सुनकर उनका निराकरण किया जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल आदि मौजूद थे।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू
कर्णप्रयाग : विधानसभा चुनावों के लिए दुग्ध संघ परिसर सिमली से गैरसैंण विकासखंड के सुदूरवर्ती मतदान केन्द्र पज्याणा मल्ला की सात सदस्यी पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया।
रिर्टनिंग अफसर डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि विधानसभा के 148 मतदान केन्द्रों के लिए शनिवार को 73 पाटियां रवाना की जाएंगी, जबकि शेष पार्टियां रविवार को अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना होंगी। उन्होंने बताया कि टीम के साथ चुनाव आयोग की ओर से दूरस्थ क्षेत्रों के लिए माईक्रो आबर्जवर तैनात किये गए हैं। इस मौके पर तहसीलदार सीएस चौहान, जोनल मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।