उत्तरकाशी/लंबगांव, जागरण टीम: भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि भ्रष्टाचार व महंगाई जैसी कई खामियों के चलते भारत दुनिया के प्रथम पंक्ति के देशों में शामिल नहीं हो पाया। सत्ता में काबिज कांग्रेस व उसके नेतृत्व वाली सरकारों ने इन खामियों को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने भुवन चंद्र खंडूड़ी को पूर्ववर्ती एनडीए सरकार का सबसे ईमानदार मंत्री बताते हुए उनके सीएम बनने को उत्तराखंड के लिए गौरव की बात बताया।
उत्तरकाशी के पुरीखेत मैदान व प्रतापनगर के रजाखेत में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए आडवाणी ने भ्रष्टाचार व महंगाई के मुद्दों पर अपने कड़े तेवर जारी रखे। इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार केंद्र सरकार के मंत्री जेल में हैं। ऐसा सरकार या प्रधानमंत्री की मंशा से नहीं, बल्कि कैग की रिपोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से संभव हो पाया। कांग्रेस जैसे नेतृत्व को बदलने पर ही भ्रष्टाचार मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनता की मांग व क्षेत्रों की जरूरतों को देखते हुए ही भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ व झारखंड राज्यों का गठन किया, लेकिन आंध्र प्रदेश के तेलंगाना में 40 वर्षो से चल रहे उग्र आंदोलन पर कांग्रेस आज तक कोई निर्णय नहीं ले सकी। राज्य में भाजपा की सरकार बनी, तो तीर्थस्थलों का विकास किया जाएगा। उन्होंने गंगोत्री सीट से गोपाल रावत व प्रतापनगर सीट से विजय सिंह पंवार को विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर मनुजयेंद्र शाह, भाष्कर नैथानी, टिहरी पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाई, खेमसिंह चौहान आदि मौजूद थे।