उत्तरकाशी: आबकारी विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र के एक लॉज से शराब की 105 पेटियां बरामद की गई। इस पर जिला प्रशासन हरकत में आया। रिटर्निग आफीसर एसडीएम भटवाड़ी ने बरामद पेटियों को सीज कर लॉज स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
शुक्रवार को आबकारी विभाग को नगर क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान के निकट जोशी लॉज में शराब की बड़ी खेप अवैध तरीके से होने की सूचना मिली। इस पर आबकारी उपनिरीक्षक सूरज व पन्नालाल ने मौके पर पहुंचकर लॉज के एक कमरे से 105 पेटिया बरामद की। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षत गुप्ता के निर्देश पर आरओ पीएल शाह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शराब की पेटियों को सीज करते हुए अन्य कमरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालकों ने पूछताछ में बताया कि यह शराब दुकान की ही है और गोदाम में जगह न होने से लॉज में रखी गई है। प्रशासन ने फिलहाल होटल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है। हालांकि, इस मामले में किसी राजनीतिक पार्टी की संलिप्तता का पता नहीं लगाया जा सका है। वहीं, आरओ बताया कि शराब की दुकान के संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है और अन्य दोषी लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।