= पत्रकारवार्ता
= कांग्रेस सत्ता में आते ही हल्द्वानी में बनाएगी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम
हल्द्वानी,जासं: देश की जनता अमन और विकास चाहती है, न कि उसे फिरकापरस्ती और खंडूड़ी के चेहरे की जरूरत है। उत्तराखंड में विकास के जो भी कार्य हुए वह कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की देन हैं। कांग्रेस की सरकार जाने के बाद राज्य में विकास का पहिया ठहर गया। इससे जनता ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है। यह बात सांसद एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मो.अजहरुद्दीन ने कही। वे शुक्रवार को सौरभ होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अजहरुद्दीन ने कहा कि भाजपा ने विकास करने के बजाए लूट खसोट के लिए बार-बार मुख्यमंत्री बदलने का खेल खेला। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि चुनाव आयोग की तमाम पाबंदियां हैं, लेकिन मैं इतना जरूर कहुंगा कि अल्पसंख्यक आरक्षण जायज है और इसका वंचित तबके को दूरगामी फायदा होगा। दो दिन पहले हुए सपा नेता आजम खां के भाषण का जिक्र आने पर अजहरुद्दीन ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ कौम को गुमराह करने की राजनीति करते हैं। फिरकापरस्ती से ऐसे लोगों का क्या फायदा होता है यह वही जानें लेकिन जनता को विकास और अमन की जरूरत है। ऐसे में जनता खुद उन लोगों का जवाब दे देगी। उन्होंने राज्य में खेल की बदहाली पर दुख जताते हुए कहा कि कांग्रेस खेल से जुड़ी जिन परियोजनाओं को छोड़ कर सत्ता से हटी थी, वह आज तक पूरी नहीं हो सकी। हल्द्वानी में अंतर राष्ट्रीय स्टेडियम अब तक बन जाना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य है कि इस पर भाजपा सिर्फ राजनीति करती रह गई। कांग्रेस सत्ता में आते ही अंतर राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण शुरू करेगी। उन्होंने इस दौरान विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.इंदिरा हृदयेश के पक्ष में मतदान की अपील की।