पत्रकारवार्ता
=उत्तर प्रदेश में जीतेंगे सौ सीटें
= उत्तराखंड की जनता में भाजपा के प्रति जबर्दस्त गुस्सा
हल्द्वानी,जासं: केंद्रीय चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने दावा किया कि पांच राज्यों में हो रहे विधान सभा चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में लहर है। उत्तराखंड समेत चार राज्यों में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में पार्टी सौ सीटें जीत रही है। आजाद शुक्रवार को होटल सौरभ में पत्रकारों से मुखातिब थे।
आजाद ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने जिस108 एंबुलेंस को अपनी उपलब्धि होने का ढोल पीट रही है, दरअसल वह भी केंद्र सरकार ने दे रखा है। कश्मीर से कन्या कुमारी तक नेशनल रुरल हेल्थ मिशन की एंबुलेंस सेवा को 108 ही कहा जाता है। इस सेवा के लिए केंद्र सरकार अब तक 139 वाहन दे चुका है। इसके आलावा 17 अन्य एंबुलेंस हैं जो मोबाइल मेडिकल यूनिट के अधीन अपनी सेवायें दे रही हैं। केंद्र सरकार के इन कार्यो को भाजपा अपनी उपलब्धियों में कैसे गिना सकती है? हमने ऋषिकेश में 840 करोड़ की लागत से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान खोला है। जो शीघ्र शुरू हो जाएगा। 960 बेड के इस अस्पताल में 300 बेड अतिविशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए होंगे। अस्पताल क्रियाशील होने के बाद उत्तराखंड वासियों को दिल्ली, लखनऊ या अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं रह जाएगी। मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटें बढ़ाने के लिए 9 करोड़ 40 लाख रूपये पहले ही दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री की दावेदारी के बावत पूछे जाने पर उनका कहना था कि काग्रेस में वैसे तो हर विधायक मुख्यमंत्री से कम नहीं है, कम से कम आधा दर्जन चेहरे उन कद्दावर नेताओं के हैं जो मुख्यमंत्री की भूमिका बखूबी निभा सकते हैं। इसका निर्णय विधायकगण व नेतृत्व मिलजुल कर लेगा। पत्रकारवार्ता में काग्रेस प्रत्याशी डॉ.इंदिरा हृदयेश, प्रदेश सह प्रभारी व सांसद रामचन्द्र खूटिया, कुमाऊं पर्यवेक्षक उदयवीर सिंह पुनिया, सासद सत्यजीत गायकवाड़, जिला पर्यवेक्षक ओम विश्नोई व मीडिया कोआर्डीनेटर डॉ. मंजू चौधरी आदि मौजूद रहे।