लक्सर, जागरण प्रतिनिधि : चुनाव के चलते लक्सर को ग्यारह और खानपुर को पंद्रह सेक्टर में बांटा गया है। शुक्रवार को यूपी से लगे क्षेत्र की सीमाओं को सील कर दिया गया। चुनाव के दौरान क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस पांडियन और एसएसपी पुष्कर सिंह सैलाल ने लक्सर और खानपुर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस पांडियन ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने आचार संहिता का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दिए। एसएसपी पुष्कर सिंह सैलाल ने कहा कि लक्सर को 11 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए यहां नागरिक पुलिस के 160 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की दो प्लाटून तैनात की गयी हैं। खानपुर को दो जोन गोर्वधनपुर और लंढौरा में बांटा गया है। यहां 15 सेक्टर और 162 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए खानपुर में 201 पुलिसकर्मी, पीएसी के 40 जवान और अर्द्धसैनिक बलों की एक टुकड़ी को तैनात किया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने पुष्कर सिंह सैलाल ने बताया कि बार्डर पर विशेष चौकसी रखने के निर्देश दिए हैं। शस्त्र लाइसेंस जमा न कराने वालों के खिलाफ भी एसएसपी ने लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में एसपी देहात रोशन लाल शर्मा, सीओ जीबी पांडेय, लक्सर कोतवाल ध्यान सिंह, तहसीलदार डीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।