देहरादून: गांधी ग्राम में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में पोस्टर चिपकाने को लेकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही दोनों पक्ष फरार हो गए।
घटना शुक्रवार देर शाम पटेलनगर थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम में हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दो प्रत्याशियों के समर्थक एक स्कूल में पोस्टर चिपका रहे थे। इसी दौरान एक समर्थक ने दूसरे प्रत्याशी का पोस्टर फाड़ दिया। जिससे विवाद खड़ा हो गया। दोनों पक्षों के समर्थक गाली-गलौज पर उतर आए और देखते ही देखते उनमें मारपीट हो गई। मारपीट में आधा दर्जन को चोटें भी आई। बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची लेकिन तब तक घायल व हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।