साहिया, निज प्रतिनिधि: साहिया-क्वानू मार्ग पर हाजा से साहिया आ रही महिंद्रा मैक्स दसऊ गांव के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उत्तराखंड रक्षा मोर्चा की प्रत्याशी समेत सात लोग घायल हो गए। राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को दसऊ अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि प्रत्याशी हालत में सुधार नहीं होने पर देहरादून रेफर कर दिया गया है।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे चकराता विधानसभा से उत्तराखंड रक्षा मोर्चा प्रत्याशी अर्जुनी राणा हाजा गांव से चुनाव प्रचार कर समर्थकों के साथ महिंद्रा मैक्स संख्या यूके-07 क्यू-8206 से साहिया लौट रही थी। दसऊ बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर रोड पर ही पलट गया। हादसा देख आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए और इसकी सूचना एसडीएम चकराता को दी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार चकराता डीडी वर्मा व नायब तहसीलदार त्यूणी केडी जोशी राजस्व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से अर्जुनी राणा, नरेंद्र राणा, विरेंद्र सिंह, सरदार सिंह व रमेश राणा निवासीगण चौसाल-त्यूणी, शमशेर सिंह निवासी भूठ-त्यूणी व चालक महेश थापा निवासी गढ़ी कैंट-देहरादून को दसऊ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। प्रत्याशी की हालत गंभीर बनी रहने पर हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया। एसडीएम चकराता चंद्र सिंह धर्मशक्तु ने बताया प्रत्याशी की हालत खतरे से बाहर है, जबकि वाहन में सवार छह अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।