देहरादून, जागरण संवाददाता: राज्य सभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि प्रयोग के लिए सुप्रीम कोर्ट की एक-दो ब्रांच अलग से खोली जानी चाहिए। ताकि लोगों को सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि पूर्वात्तर राज्य इसके लिए सबसे ज्यादा मुफीद हैं। वकीलों की हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग का भी उन्होंने समर्थन किया।
शुक्रवार को बार एसोसिएशन ऑफ देहरादून की ओर से परेड ग्राउंड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की वकीलों की मांग पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी बेंच होनी चाहिए। पर इसके लिए न्यायपालिका की राय भी जरूरी है। छोटी-छोटी बेंच स्थापित होने से लोगों को न्याय मिलने में आसानी होगी। उन्होंने वकीलों की सुरक्षा को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने वकीलों द्वारा बीस जनवरी को कि गई हड़ताल का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वकीलों की मांग जायज है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने कहा कि बार एसोसिएशन और बार काउंसिल को विकसित किया जाना चाहिए। मुस्लिमों को बीस प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की बात को उन्होंने कांग्रेस का चुनावी स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस को कोई फायदा होने वाला नहीं है। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन ऑफ देहरादून के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव अनिल पांधी, राजीव शर्मा, उत्तराखंड बार काउंसिल की पूर्व अध्यक्ष रजिया बेग आदि मौजूद थे।