-दूरस्थ स्थानों को रवाना होंगी 18 पोलिंग पार्टियां
हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार की शाम पांच बजे से प्रचार थम जाएगा। इसी के साथ प्रचार के लिए दी गई सभी गाड़ियों की अनुमति निरस्त हो जाएगी। जिले के दूरस्थ स्थानों के लिए 18 पोलिंग पार्टियां शनिवार की सुबह मतदेय स्थलों को रवाना होंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी निधिमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ स्थानों को जाने वाली 18 पोलिंग पार्टियां शनिवार सुबह नौ बजे एमबी कालेज से रवाना होंगी। सभी रिटर्निग अफसरों, उपजिलाधिकारियों, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी मतदान पार्टियों के मतदेय स्थल तक पहुंचने की सूचना दें। पैदल चलने वाली पोलिंग पार्टियों के सामान को मतदेय स्थल तक ले जाने को कुली व खच्चरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में महिला कर्मियों को तैनात किया गया है, जो पर्दानशी मुस्लिम महिलाओं को मतदान के लिए चिन्हित करेंगी। रिटर्निग अफसरों को निर्देशित किया गया कि वे महिला कार्मिकों को मतदेय स्थलों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसके बाद यदि कोई प्रत्याशी प्रचार करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ आचार संहिता के तहत कार्रवाई की जाए। इसी के साथ चुनाव प्रचार के लिए वाहनों की अनुमति निरस्त हो जाएगी। तीस जनवरी के लिए प्रत्याशियों को वाहनों की अनुमति नए सिरे से लेनी होगी। बैठक में प्रभारी कार्मिक डीएस गब्र्याल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल मौजूद थे।