-झगड़े में धक्का दे दिया था
-झारखंड के रहने वाले थे दोनों
हल्द्वानी: नशे में हुए झगड़े में एक युवक ने चचेरे भाई को धक्का दे दिया। पत्थर पर सिर लगने से उसकी मौत हो गई। बाद में शव को छुपाने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार झारखंड के पलामू जिले के मिश्रीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा निवासी कुलेश्वर पुत्र शिव प्रकाश (32) और भुवनेश्वर पुत्र बिरजू (26) यहां नौकरी करने आए थे। चचेरे-तहेरे भाई होने से दोनों साथ-साथ रहते थे और गोरापड़ाव निवासी दरबान सिंह के यहां डंपर चलाते थे। गुरुवार की रात करीब नौ बजे दोनों ने शराब पी और दस बजे किसी बात पर उनमें कहासुनी हो गई।
आरोप है कि भुवनेश्वर ने कुलेश्वर को नशे में धक्का दे दिया। पत्थर पर सिर लगने से कुलेश्वर घायल हो गया। इसके बाद भुवनेश्वर घबरा गया और फिर उसे लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों से हालत गंभीर होने पर कुलेश्वर को साईं अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने कुलेश्वर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भुवनेश्वर शव को लेकर एक स्टोन क्रेशर परिसर स्थित झोपड़ी में ले गया। शव को रेत से ढककर भुवनेश्वर ने डंपर मालिक को घटनाक्रम से अवगत कराया। इस पर डंपर मालिक ने पुलिस को सूचना दी। बाद में मंडी चौकी पुलिस ने मौके पर आकर शव को बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।