ऋषिकेश, जागरण कार्यालय: सत्संग से घर लौट रही एक महिला को दो लोगों ने सम्मोहित कर लूट लिया। देर रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था।
जानकारी के मुताबिक, मायाकुंड निवासी 55 वर्षीय शशि बाला सोमेश्वर नगर स्थित सत्संग भवन में गई थी। सायं करीब चार बजे वह पैदल ही घर की ओर आ रही थी। पुराना रोडवेज बस अड्डे की समीप उन्हें दो युवकों ने रोक दिया। कपड़े में लपेटी एक नोट की गड्डी को दिखाते हुए युवाकों ने उन्हें बताया कि वह दुकानदार के यहां नौकरी करते थे। दुकानदार ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया और वह यह नोटों की गड्डी वहां से चुरा कर लाए हैं। उन्होंने शशि बाला को गड्डी थमा दी, जिसके बाद वह सम्मोहित हो गई। आरोप है कि युवकों ने उसके कानों के कुंडल उतरवा लिए। जब वह घर पहुंची तो कपड़ों में लपेटी गड्डी में एक सौ रुपये का नोट मिला, जबकि बाकी उसी नाप के कागज थे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पुराना रोडवेज बस अड्डे पर लगे सीसी टीवी कैमरे से आरोपियों को तलाशने की कोशिश की, मगर कैमरे से पुलिस को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। देर रात तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था।