देहरादून, जागरण संवाददाता: पिता की डांट से क्षुब्ध होकर बारहवीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि घटनास्थल की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
रायपुर थाना क्षेत्र निवासी धीरेंद्र रावत एमईएस में काम करते हैं। वह यहां अपनी पत्नी और बेटा अनिल (18) के साथ रहते हैं। अनिल एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बालावाला में बारहवीं का छात्र है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को अनिल स्कूल नहीं गया था। पिता ऑफिस चले गए और मां पड़ोसी के यहां चली गई। कुछ देर बाद पिता ने घर में फोन किया और अनिल को स्कूल न जाने के लिए डांट लगाई। पुलिस के मुताबिक, पिता की डांट से क्षुब्ध होकर अनिल ने अपने कमरे में पंखे से लटकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब मां घर पहुंची तो घटना की जानकारी लगी। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतार कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।