
मुंबई। यशराज फिल्म्स की ताजातरीन फिल्म न्यूयार्क ने पहले तीन दिन में कुल 35 करोड़ रुपए की कमाई की है। यह फिल्म 26 जून को रिलीज हुई थी।
यशराज फिल्म्स ने एक बयान में कहा कि इस फिल्म ने 2009 के पहले सप्ताहांत में कमाई के सभी फिल्मों के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। न्यूयार्क को विदेशों में भी बढि़या शुरूआत मिली है। यह फिल्म आस्ट्रेलिया में तीसरे स्थान पर है और ब्रिटेन में इस हफ्ते दसवें स्थान पर है। संयुक्त अरब अमीरात में 2009 के लिए बीते सप्ताहांत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
न्यूयार्क का निर्देशन कबीर खान ने किया है और इसका निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। जॉन अब्राहम, कैटरीना कैफ, नील नितीन मुकेश और इरफान खान के अभिनय से सजी इस फिल्म को दुनियाभर के 900 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया है।