बॉक्स-ऑफिस पर टशन का बुरा हाल

बॉक्स-ऑफिस पर टशन का बुरा हाल

अनिल कपूर, अक्षय कुमार, सैफ अली खान और करीना कपूर जैसे बड़े स्टार और भारी बजट के साथ बनी टशन दर्शकों को सिंगल थिएटरों तक खींच पाने में सफल नहीं रही। सिंगल थिएटर का खास जिक्र इसलिए कि यह फिल्म शुक्रवार को देश के किसी भी मल्टीप्लेक्स में रिलीज नहीं हो सकी। यशराज फिल्म्स और मल्टीप्लेक्स के मालिकों के बीच हिस्सेदारी को लेकर कोई सहमति नहीं हो पाई। शनिवार को भी असमंजस बना हुआ है।

देश भर से मिल रही बॉक्स-ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म को सिंगल थिएटरों में भी अपेक्षित कलेक्शन नहीं मिल रहा है। हालांकि यशराज जैसे बडे़ प्रोडक्शन हाउस का नाम, नामी बड़े सितारों और जोरदार पब्लिसिटी के असर केचलते शुक्रवार को फिल्म के पहले शो के दौरान दर्शकों की भीड़ टशन को देखने सिनेमाघरों में उमड़ी, लेकिन उन दर्शकों ने फिल्म के बारे में फेवरिट रिएक्शन नहीं दिए। पहले दिन टशन को बॉक्स-ऑफिस पर सत्तर से अस्सी प्रतिशत तक ओपनिंग मिली, जो कि इतनी बड़ी फिल्म के लिए अपेक्षा से कम है।

फिल्म ट्रेड विश्लेषक आमोद मेहरा कहते हैं, यह यशराज बैनर की अब तक की सबसे बुरी फिल्म है। फिल्म में ऐसा कुछ नहीं है, जो दर्शकों को थिएटर तक ला सके। फिल्म के कलेक्शन पर निगेटिव माउथ पब्लिसिटी का असर पड़ेगा। फिल्म के मल्टीप्लेक्स थिएटर में न रिलीज हो पाने से निर्माता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस फिल्म को सिंगल थिएटरों में सत्तर से अस्सी प्रतिशत तक की ओपनिंग मिली है, लेकिन सोमवार से यह प्रतिशत और कम हो जाएगा। इन दिनों चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच से फिल्म का बिजनेस प्रभावित होगा।

एक और ट्रेड विशेषज्ञ विनोद मिरानी के मुताबिक , फिल्म का कंटेट बेहद कमजोर है, इसलिए यह बॉक्स-ऑफिस पर मार खा रही है। इसके अलावा आईपीएल मैच फिल्म के लिए चैलेंजिंग साबित होगा। आईपीएल के मैच सिर्फ टशन के लिए ही नहीं, बल्कि इस दौरान रिलीज होने वाली सभी फिल्मों के लिए चैलेंज पेश करेंगे। कुल मिलाकर यश कैंप की फिल्म टशन बॉक्स-ऑफिस पर कमाई के मामले में कमजोर साबित हो रही है।

साल की पहली रिलीज में ही यशराज फिल्म्स को भारी झटका लगा है। उनकी अगली फिल्म कुणाल कोहली की फिल्म थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिकरिलीज होगी। उसमें उनकी पिछली फिल्म हम तुम की हिट जोड़ी सैफ अली खान और रानी मुखर्जी हैं।

-रघुवेंद्र सिंह

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(31) वोट का औसत

average:3.1290342
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित