
पिछले सप्ताह की तीनों फिल्में शार्टकट, संकट सिटी और मार्निग वाक दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सकीं। नीरज वोरा की फिल्म शार्टकट से उम्मीद थी कि वह दर्शकों को पसंद आएगी। फिल्म में अक्षय खन्ना, अरशद वारसी और अमृता राव थे। फिल्म की स्क्रिप्ट अनीस बज्मी ने लिखी थी। इन नामों के बावजूद फिल्म को मुंबई में 40 प्रतिशत के लगभग ओपनिंग मिली। दूसरे शहरों में और भी कम दर्शक इसे देखने आए। ट्रेड जानकारों के मुताबिक फिल्म का प्रचार सही नहीं हुआ था। शार्टकट का प्रचार शुद्ध कामेडी फिल्म के तौर पर हुआ था, जबकि इसमें इमोशन और ड्रामा भी था।
दूसरी फिल्म संकट सिटी को समीक्षकों ने पसंद किया, लेकिन दर्शक नहीं मिले। ज्यादा दर्शक नहीं मिलने की एक वजह यह रही कि इसे थिएटरों में सही शो टाइम नहीं मिले। समीक्षकों से प्रेरित दर्शक चाह कर भी इसे नहीं देख सके। फिल्म में संभावना थी, लेकिन यह गलत वितरण और प्रदर्शन का शिकार हो गयी।
मार्निग वाक से ज्यादा उम्मीद नहीं थी। इस फिल्म की ओपनिंग बुरी रही। पुरानी फिल्मों में कमबख्त इश्क के दर्शकों में भारी गिरावट आ गयी है। न्यूयार्क को अभी तक दर्शक मिल रहे हैं। इस हफ्ते जश्न और देख भाई देख रिलीज हो रही हैं।
-अजय ब्रह्मात्मज