
पिछले हफ्ते रिलीज हुई पांच फिल्मों में आशु त्रिखा की बाबर ही बॉक्स ऑफिस पर टिक पाई। यह फिल्म उत्तर भारत में और खास कर सिंगल स्क्रीन थिएटर में अच्छी चल रही है। फिल्म की थीम और ट्रीटमेंट के लिहाज से मल्टीप्लेक्स में बाबर के चलने की उम्मीद पहले से ही नहीं थी। बाकी फिल्मों को बिल्कुल दर्शक नहीं मिले। मुंबई में तो उन्हें बीच हफ्ते में दर्शकों के अभाव की वजह से उतारना पड़ा।
इस हफ्ते दिल बोले हडि़प्पा और वांटेड रिलीज हो रही है। उम्मीद की जा रही है कि इन दोनों फिल्मों से बाक्स आफिस पर रौनक लौटेगी। वांटेड में सलमान खान एक्शन करते नजर आएंगे, तो दिल बोले हडि़प्पा में शाहिद कपूर और रानी मुखर्जी की जोड़ी पंजाब के गांव में क्रिकेट खेलती नजर आएगी।