
अनेक हफ्तों के बाद बॉक्स ऑफिस पर खुशी लौटी है। इस खुशी में ईद की खुशियों ने इजाफा कर दिया है। पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई वांटेड ने पहले दिन दर्शकों को आकर्षित किया। दूसरे दिन इसके दर्शक कम हुए, लेकिन फिर रविवार को दर्शक बढ़े। सोमवार की ईद की छुट्टी ने इसके दर्शक बढ़ा दिए।
वांटेड सिंगल स्क्रीन में अच्छा व्यवसाय कर रही है। मल्टीप्लेक्स में अपेक्षाकृत कम दर्शक हैं, लेकिन वे दिल बोले हडि़प्पा से ज्यादा ही हैं। वांटेड को लगभग 90 प्रतिशत दर्शक मिले हैं, जबकि दिल बोले हडि़प्पा का व्यवसाय 55-60 प्रतिशत रहा है। आशंका है कि ह्वाट्स योर राशि? की वजह से दिल बोले हडि़प्पा के दर्शक कम होंगे, क्योंकि मल्टीप्लेक्स के दर्शक प्रियंका चोपड़ा को बारह रूपों में देखना चाहेंगे। वांटेड आम दर्शकों की फिल्म है, इसलिए उसे ज्यादा नुकसान नहीं होगा। पहले की फिल्मों में केवल बाबर ने ही उल्लेखनीय बिजनेस किया है। खास कर उत्तर भारत के शहरों और कस्बों में यह फिल्म पसंद की जा रही है।
-अजय ब्रह्मात्मज