असिन को मिलेगा शाहरुख का साथ!

असिन को मिलेगा शाहरुख का साथ!

इसमें कोई दो राय नहीं कि आमिर खान के अपोजिट फिल्म गजनी से हिंदी फिल्मों में कदम रखने वाली साउथ की खूबसूरत अभिनेत्री असिन किस्मत वाली हैं। हिंदी फिल्मों में आए हुए उन्हें अभी बहुत कम समय हुआ है, लेकिन वे इंडस्ट्री की तमाम बड़े स्टार कलाकारों के साथ काम करने लगी हैं। आमिर खान के बाद सलमान खान और अजय देवगन के साथ काम करने वाली असिन को अब अक्षय कुमार के साथ काम करने का मौका भी मिलने जा रहा है। इतना ही नहीं, चर्चा यह भी है कि यशराज कैंप में भी बहुत जल्द उनकी एंट्री होने वाली है। यश चोपड़ा उन्हें और शाहरुख खान के साथ लेकर एक फिल्म के निर्माण की योजना बना रहे हैं। इस बात को लेकर असिन बेहद खुश हैं। वे गजनी के प्रचार के दौरान बार-बार शाहरुख के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त कर रही थीं। असिन अपनी खुशी व्यक्त करती हैं, यदि शाहरुख खान के साथ मुझे किसी फिल्म में काम करने का मौका मिलता है, तो मेरे लिए उससे बढ़कर और क्या बात होगी? मैं यह जानकर खुश हूं कि लोग शाहरुख के साथ मुझे कास्ट करने की सोच रहे हैं। मुझे अपनी पहली हिंदी फिल्म गजनी में आमिर खान के साथ काम करने का अवसर मिला। दूसरी फिल्म लंदन ड्रीम्स में मैं सलमान खान और अजय देवगन के साथ काम कर रही हूं। अब यदि मुझे शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिलता है, तो मैं खुद को बहुत लकी समझूंगी।

सूत्रों के अनुसार, बीते दिनों निर्माता-निर्देशक निखिल आडवाणी ने अक्षय कुमार के साथ कॉमेडी फिल्म पटियाला हाउस बनाने की घोषणा की। इस फिल्म में अक्षय की नायिका असिन ही होंगी। दूसरी तरफ यशराज कैंप के लोग भी उनके साथ बात कर रहे हैं। हालांकि असिन इन बातों को अभी दुनिया को नहीं बताना चाहतीं। इस वक्त वे फिल्म गजनी की सफलता से बेहद उत्साहित हैं और दोगुने जोश के साथ विपुल शाह के निर्देशन में अगली फिल्म लंदन ड्रीम्स की शूटिंग कर रही हैं। असिन कहती हैं, मुझे बहुत खुशी है कि हिंदी फिल्मों के दर्शकों ने गजनी में मेरे काम को पसंद किया। मुझे सराहना मिली। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। मैं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में शानदार एंट्री पाकर बहुत खुश हूं। उम्मीद है कि लंदन ड्रीम्स में सलमान खान के साथ भी मेरी जोड़ी को लोग पसंद करेंगे। बहरहाल, अभी तो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में असिन के सफर का आगाज हुआ है। यदि वे ऐसे ही मन लगाकर ईमानदारी से काम करती रहीं, तो अक्षय और शाहरुख के साथ उन्हें कई फिल्म करने के मौके मिलेंगे। ऐसी उम्मीद की जा सकती है।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(24) वोट का औसत

average:4.166668
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित