
इस शीर्षक को पढ़कर चौंकिए मत.., हिंदी फिल्मों के सबसे आकर्षक अभिनेताओं में शुमार फरदीन खान घर में सब्जी काटते हैं और खाना बनाने में अपनी पत्नी का सहयोग भी करते हैं। इस बात पर यकीन करना मुश्किल है, लेकिन यह सच है। पिछले दिनों हुई मुलाकात में फरदीन ने बताया, मुझे खाने का और खाना बनाने का शौक है। मैंने और नताशा ने अपने घर में एक अच्छा-सा किचन बनाया है। जब छुट्टी होती है, हम घर के नौकरों को छुट्टी दे देते हैं। मैं और नताशा मिलकर खाना बनाते हैं। नताशा अच्छी कुक हैं। उन्होंने अपनी मां से खाना बनाना सीखा है। नताशा की मां (मुमताज) के हाथ का बनाया हुआ खाना बेहद स्वादिष्ट होता है।
खैर.., खाना बनाने के पहले मैं और नताशा मिलकर तैयारी करते हैं। मैं सब्जी काटता हूं और नताशा दूसरा काम करती हैं। खाना बनने के बाद किचन की साफ-सफाई भी हम दोनों साथ मिलकर करते हैं। फरदीन आगे बताते हैं, नताशा और मैं जब घर में सोफे पर बैठे रहते हैं, तब कुछ पल बीत जाने के बाद अक्सर हम एक-दूसरे से कहते हैं, लेट्स इट समथिंग। महीने में दो या तीन दिन खुद खाना बनाना हमारी आदत हो चुकी है। फिल्मी चकाचौंध में विलासितापूर्ण जीवन जीने वाले फरदीन का यह पक्ष चौंकाने वाला है। उम्मीद है, आने वाले दिनों में भी वे अपने व्यक्तित्व से जुड़ी ऐसी बातों से लोगों को परिचित कराते रहेंगे।