नहीं बनी रणबीर-रानी की जोड़ी

नहीं बनी रणबीर-रानी की जोड़ी

शाहिद कपूर के साथ दिल बोले हडि़प्पा में डांस और रोमांस करने वाली रानी मुखर्जी के हाथ से नई पीढ़ी के जवां अभिनेता रणबीर कपूर की नायिका बनने का मौका निकल गया। दरअसल, अयान मुखर्जी की फिल्म वेक अप सिड में आयशा बनर्जी की भूमिका के लिए पहले रानी मुखर्जी को ही लिया जा रहा था, लेकिन बाद में उनके स्थान पर कोंकणा सेन शर्मा आ गई। इस बात का खुलासा खुद पिछले दिनों अयान मुखर्जी ने एक मुलाकात में किया।

अब सवाल उठता है कि रणबीर और रानी के बीच के उम्र का अंतर कहीं ऐसा होने का कारण तो नहीं? जवाब में अयान कहते हैं, संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म सांवरिया में रणबीर कपूर और रानी मुखर्जी की जोड़ी को पेश किया था, जबकि वेक अप सिड में हम एक नई जोड़ी को दर्शकों के समक्ष लाना चाहते थे। आयशा बनर्जी की भूमिका के लिए रानी परफेक्ट थीं। इस भूमिका के लिए मेरे मन में सबसे पहले उन्हीं का खयाल आया था। दरअसल, रानी से मेरे घरेलू संबंध हैं। मैं उनके साथ काम करना चाहता था। यदि सांवरिया में रणबीर और रानी साथ नहीं दिखे होते, तो मेरी फिल्म में इन दोनों की ही जोड़ी नजर आती। बाद में हमने आयशा के रोल के लिए कोंकणा को साइन किया। यकीन मानिए, कोंकणा ने आयशा की भूमिका को बहुत अच्छी तरह निभाया है। उनकी और रणबीर की जोड़ी दर्शकों को पसंद आएगी।

गौरतलब है कि इन दिनों रानी मुखर्जी नई पीढ़ी के अभिनेताओं के साथ काम करने को लालायित हैं। दरअसल, उन्हें लग रहा है कि नए अभिनेताओं के सहारे उनके करियर की उम्र बढ़ सकती है। ऐसे में निश्चित ही सांवरिया फिल्म की वजह से रणबीर की नायिका बनने का यह सुनहरा मौका जाने से वे नाखुश जरूर होंगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:4.399998
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित