
मुंबई। बॉलीवुड अदाकारा रिया सेन गांव की गोरी बन पर्दे पर उतरने को तैयार हैं। उनकी नई फिल्म जोर लगा के..हैया लगभग तैयार है। इसमें महेश मांजरेकर उन्हें रिझाते और नाचते-गाते नजर आएंगे। इस फिल्म में रिया और महेश दोनों अपनी सामान्य छवि से अलग भूमिका करते दिखेंगे। महेश एक निर्माण कंपनी में ठेकेदार हैं, जबकि रिया वहां काम करने वाली मजदूर। रिया की सुंदरता देख महेश का उन पर दिल आ जाता है और फिर वह उन्हें रिझाने के लिए तमाम उपाय करते रहते हैं। इस कड़ी में दर्शक महेश को पर्दे पर रोमांटिक सीन करते और नाचते-गाते भी देख सकेंगे।
रिया गांव की लड़की का किरदार करके खुश हैं। वह कहती हैं, मुझे तो यह किरदार शुरू से ही पसंद था। तभी तो फिल्म के लिए हां करने में मैंने जरा भी देर नहीं लगाई थी।
जैमिनी स्टूडियो की यह पहली फीचर फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में होगी। फिल्म में मिथुन चकवर्ती, सीमा विश्वास, सचिन खेड़ेकर, राज जुत्शी और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार भी नजर आयेंगे। इनके अलावा इसमें पांच बाल कलाकारों की भी भूमिका होगी। फिल्म का निर्देशन गिरीश गिरिजा जोशी ने किया है और इसके निर्माता हैं कार्तिकेय तलरेजा। अब बॉक्स ऑफिस पर जोर लगा के..हैया का कितना जोर चलता है, यह तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा।