
मुंबई। बीती रात मुंबईवासी जॉन अब्राहम के सुरीले अंदाज से मुखातिब हुए। मुबई के बांद्रा फोर्ट में आयोजित म्यूजिकल कांसर्ट में जॉन ने आगामी फिल्म आशाएं के गीत अभी है उजाला.. गाकर मौजूद दर्शकों को अपने व्यक्तित्व के सुरीले अंदाज से परिचित कराया। इस सुरमयी शाम में जॉन अब्राहम के साथ ही संगीतकार सलीम-सुलेमान और शंकर महादेवन, जुबिन और शफाकत अली जैसे गायकों ने भी अपने सुरों का जादू बिखेरा। नागेश कुकनूर निर्देशित आशाएं की संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान भी जॉन अब्राहम के सुरीले अंदाज से बेहद प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, जॉन की इस छिपी प्रतिभा को हमने श्रोताओं के सामने पेश करने की कोशिश की है जो निश्चित रूप से पसंद की जाएगी। जॉन ने भी आशाएं के इस गीत में अपनी आवाज देने के निर्णय को एक गंभीर प्रयास बताया। उन्होंने कहा मैं आशाएं जैसी प्रेरणादायक फिल्म से जुड़कर बेहद खुश हूं और इसके गीत अभी है बाकी.. में अपनी आवाज देना बड़ी उपलब्धि मानता हूं।
-सौम्या अपराजिता