आदित्य को मिलेगा अनमोल तोहफा

आदित्य को मिलेगा अनमोल तोहफा

मुंबई। परदेश, जब प्यार किसी से होता है और रंगीला जैसी फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम कर चुके आदित्य नारायण बहुत जल्दी बड़े परदे पर हीरो के रूप में नजर आयेंगे। प्राप्त सूत्रों के अनुसार आगामी छ: अगस्त को पा‌र्श्व गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण जब अपना जन्मदिन मना रहे होंगे तब प्रख्यात मेकर विक्रम भट्ट उन्हें अपनी नयी अनाम फिल्म के हीरो के रूप में साइन करेंगे। आदित्य इसे अपने जन्मदिन का सबसे अनमोल तोहफा मानते हुए बस इतना कहते हैं कि विक्रम भट्ट जैसे मेकर के हाथों लांच होने का अवसर वह किसी कीमत पर नहीं छोड़ना चाहेंगे। हांलाकि इस विषय पर वह ज्यादा विस्तार से नहीं बता पाते। उनके अनुसार सारे गामा के एक शो में विक्रम जी बतौर गेस्ट जज बनकर आये थे। उसी दरम्यान अनाफीसियल तौर पर उन्होंने मुझे अपनी अगली फिल्म के लिए प्रपोज किया था। यह मेरे लिए अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है। आदित्य अमुक फिल्म के बारे में विस्तार से बताने से बचते हुए कहते हैं, अभी इस विषय पर भी कुछ भी कह पाना जल्दबाजी होगी। क्योंकि अभी केवल बात हुई है। देखना है कि छ: अगस्त को विक्रमजी अपने इस प्रपोजल को किस रूप में मेरे सामने रखते हैं। सूत्रों के मुताबिक विक्रम भट्ट की यह फिल्म म्यूजिकल थ्रिलर होगी जिसके लिए आदित्य अपना ज्यादा वक्त जिम में बिता रहे हैं ताकि वह अपना वजन कम कर सकें।

आदित्य नारायण पूर्व में आमिर खान (रंगीला) शाहरुख खान (परदेश) और सलमान खान (जब प्यार किसी से होता है) जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम कर चुके हैं इसलिए लाइट साउंड और कैमरा आदि को लेकर वह ज्यादा कांशस नहीं दिखते। वह मानते हैं कि अंतत: उन्हें अभिनेता ही बनना था। बस सही मौके का इंतजार था। वह यह भी कहते हैं कि विक्रम जी से पहले उन्हें कुछ और फिल्मों के प्रपोजल मिले थे। मगर उनकी स्क्रिप्ट और बैनर मुझे सही नहीं लगे। क्या आदित्य इस प्रपोजल को अपने अब तक के जन्म दिन का सबसे अनमोल तोहफा मानते हैं? आदित्य कहते हैं, बहुत पहले जब मैं काफी छोटा था पापा काम के लिए स्ट्रगल कर रहे थे। मैं अकसर उनसे बैटरी से चलने वाली बड़ी कार की मंाग करता था मगर तब उनके पास इतने पैसे नहीं होते थे। मेरी आठवीं वर्षगांठ की देर रात पापा घर आये तो उनके हाथ में वही कार थी। मुझे नहीं पता कि मेरे लिए उस तोहफे की व्यवस्था करने में पापा कितना पैदल चले होंगे। किस तरह से अपने लंच मनी में से पैसे बचाये होंगे। मेरे जन्मदिन का उससे बढि़या तोहफा और कुछ नहीं हो सकता।, फिलहाल आदित्य विक्रम भट्ट के इस नजराने से भी खासे खुश हैं। अब वह भी बड़ी बेसब्री से छ: अगस्त प्रतीक्षा कर रहे हैं। जब उनके कैरियर को एक नयी दिशा मिलेगी।

-राजेश श्रीवास्तव

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित