
नई दिल्ली। जब कभी हिंदी सिनेमा में सहज सौंदर्य और अभिनय के तालमेल का जिक्र आएगा तो सोनाली बेंद्रे का नाम भी लिया जाएगा। उन्होंने भले ही पुरस्कारों का ढेर न लगाया हो लेकिन उनका एक दर्शक वर्ग था। सरफरोश, हम साथ-साथ हैं और लज्जा जैसी चर्चित फिल्मों में यादगार अभिनय करने वाली इस अभिनेत्री का आज 34वां जन्मदिन है।
कम उम्र से ही सबकी प्यारी रही सोनाली बेन्द्रे ने बेंगलुरू और मुंबई के केंद्रीय विद्यालय और ठाणे के होली क्रॉस हाई स्कूल से पढ़ाई की है। मॉडलिंग के रास्ते फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली सोनाली के फिल्मी करियर की शुरुआत सन् 1994 में आग से हुई। हालांकि बॉलीवुड में सोनाली को खूबसूरत, प्रतिभावान और ग्लैमरस अभिनेत्रियों में शुमार किया जाता है, लेकिन उन्हें सही मायने में प्रसिद्धि मिली निरमा के विज्ञापन से, जिसके कारण आज भी लोग उन्हें निरमा गर्ल के रूप में जानते हैं।
अपने फिल्मी करियर में सोनाली कई यादगार भूमिकाएं निभा चुकी हैं। उनकी महत्वपूर्ण फिल्मों में प्रमुख हैं आग, नाराज, दिल जले, अपने दम पर, डुप्लिकेट,हसमे बढ़कर कौन, मेजर साब,जख्म,हम साथ-साथ हैं, सरफरोश, चल मेरे भाई,ढाई अक्षर प्रेम का,जिस देश में गंगा रहता है,लव के लिए कुछ भी करेगा और लज्जा। इन सभी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय को खूब सराहा गया। इसके अलावा उन्होंने मराठी, तेलुगू और तमिल फिल्मों में भी काम किया।
सोनाली को वर्ष 2001 में फिल्म हमारा दिल आपके पास है के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के स्टार स्क्रीन पुरस्कार सहित अनके पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। सोनाली को फिल्मों से तो शोहरत हासिल हुई ही, साथ ही उन्होंने कई विज्ञापन और वीडियो म्यूजिक में भी काम किया। सोनाली ने क्या मस्ती क्या धूम और सोनी इंटरटेनमेंट टेलीविजन के इंडियन आइडल जैसे टीवी कार्यक्रमों में जज की भूमिका भी निभाई है।