लंदन ड्रीम्स से अलग मुकाम बनाना चाहती है असिन

लंदन ड्रीम्स  से अलग मुकाम बनाना चाहती है असिन

नई दिल्ली। मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के साथ फिल्म गजनी से बॉलीवुड में अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाली अभिनेत्री असिन आने वाली फिल्म लंदन ड्रीम्स से हिंदी फिल्म जगत में एक अलग मुकाम बनाना चाहती है।

अभिनेत्री असिन ने कहा कि मैंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं की कई फिल्मों में काम किया है। बॉलीवुड में मेरा प्रवेश फिल्म गजनी से हुआ और इस फिल्म में आमिर खान के साथ काम करके मैं काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं। उन्होंने कहा कि अपनी बोलचाल की भाषा वाली फिल्म में काम करना और किसी दूसरी भाषा की फिल्म में काम करना एकदम अलग अनुभव होता है। गजनी में मेरी भूमिका एक मध्यम वर्गीय परिवार की लड़की कल्पना की है, जो अपना मुकाम हासिल करने के लिए मुंबई में संघर्ष कर रही है।

फिल्म में जिया खान के साथ तुलना किए जाने पर उन्होंने कहा कि मैं काफी समय से फिल्मों में काम कर रही हूं। इस तरह की बातों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। एक प्रश्न के जवाब में कारोबारी पिता जोसेफ थोटूमकाल और डाक्टर मां सेलिन थोटूमकाल की पुत्री असिन थोटूमकाल ने कहा कि आमिर और सलमान के साथ काम करना अलग अनुभव है। आमिर किसी विषय को संपूर्णता प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करते हैं तो सलमान का भी अपना विशिष्ट स्टाइल है और वह समर्पित होकर काम करते हैं। बॉलीवुड में आगे बढ़ने के लिए कोई योजना होने से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में असिन ने कहा कि कोई रणनीति नहीं है धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहती हूं और अपना मुकाम बनाना चाहती हूं।

उन्होंने कहा कि 2009 में मेरी दो बड़ी फिल्में आ रही है, जिसमें वाल्ट डिज्नी के बैनर तले बन रही कमल हसन अभिनित फिल्म 19 स्टेप है। भारत बाला के निर्देशन में यह फिल्म तमिल, जापानी और अंग्रेजी भाषा में बनेगी। असिन ने कहा कि ब्रिटेन की हेड स्टा‌र्ट्स फिल्म के बैनर तले बनने वाली फिल्म लंदन ड्रीम्स को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि सलमान खान और अजय देवगन के साथ यह फिल्म मुझे बॉलीवुड में अपना स्थान दिलाएगी। जब उनसे पूछा गया कि फिल्म गजनी के प्रचार में उन्हें तवज्जो नहीं दी गई तो उन्होंने कहा कि प्रचार कार्य विपणन विभाग का काम है। उन्हें यह तय करना है कि फिल्म का प्रचार कैसे करना है। अमिर खान के घायल होने के कारण फिल्म का प्रचार भी देर से शुरू हो पाया।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:4.8
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित