
मुंबई। इंडियन आइडल के मंच पर एक बार फिर सोनू निगम के सुरों का जादू बिखरेगा। इंडियन आइडल के पूर्व निर्णायक रह चुके सोनू आज भी भारतीय टेलीविजन जगत के इस पहले रियलिटी कार्यक्रम की यादों से जुड़े हुए हैं। सोनू ने कहा, इंडियन आइडल पहला रियलिटी शो है जिसने अनजान गायन प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जिस कारण वे लोगों के घरों में टेलीविजन सेट के जरिए पहुंच सके । इस मंच से उभरे अभिजीत सावंत, अमित सना, राहुल वैद्य जैसे गायकों ने पुराने पाश्र्र्व गायकों के वर्चस्व को तोड़ा है। सोनू इंडियन आइडल में अतिथि निर्णायक के रूप में पधारे थे। सोनू ने इंडियन आइडल की उपाधि-प्राप्ति की होड़ में शेष बचे आठ प्रतिभागियों के साथ अपने सुरों का जादू बिखेरा। साथ ही, उदित नारायण और अनु मलिक की मनोरंजक नकल भी की। सोनू की इंडियन आइडल में वापसी को लेकर सभी निर्णायक और प्रतिभागी बेहद उत्साहित दिखे। इंडियन आइडल की इस विशेष कड़ी का प्रसारण शुक्रवार को सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर होगा।
-सौम्या अपराजिता