
डरबन। बॉलीवुड की जानी-मानी गायिका सुनिधि चौहान को तब शर्मिन्दगी की स्थिति का सामना करना पड़ा जब दक्षिण अफ्रीका में दो दिन के प्रवास के दौरान उनके परिधानों से मेल खाते आभूषण डरबन हाई कोर्ट ने जब्त कर लिए।
यह वाकया दो दिन पहले डरबन में हुआ जब सुनिधि शहर में अपने पहले शो की तैयारी कर रही थीं। एक स्थानीय कारोबारी सुनील सिंह ने डरबन हाई कोर्ट से गायिका से 5,300 अमेरिकी डॉलर की वसूली में मदद करने की मांग की थी। सुनिधि ने आठ वर्ष पहले देश में एक कार्यक्रम की पेशकश देने के लिए यह राशि कथित तौर पर ली थी। सिंह का दावा है कि उन्होंने सुनिधि को जून 2001 में यह भुगतान किया, लेकिन अमेरिका में उसी वर्ष सितंबर में आतंकवादी हमले के बाद गायिका ने नवंबर तक के लिए अपना कार्यक्रम टाल दिया। उनके अदालत में पेश दस्तावेजों में दावा किया गया है कि कार्यक्रम के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं हो सकी और बाद में उनके दौरे की कई कोशिशें करने के बावजूद गायिका ने पेशकश देने से इंकार कर दिया। सिंह के अनुसार बहरहाल, सुनिधि ने दक्षिण अफ्रीका में 2001 में एक अन्य व्यक्ति की ओर से प्रस्तुति दी। सिंह ने उनसे 2003 और 2004 में भी उनके बैनर तले प्रस्तुति देने के लिए संपर्क किया पर गायिका ने इंकार कर दिया। जब सिंह ने यह सुना कि सुनिधि इस वर्ष जुलाई में देश का दौरा करने वाली हैं, तो उन्होंने किसी भी तरह अपनी राशि वापस लेने का फैसला किया। उन्होंने डरबन स्थित संडे ट्रिब्यून से कहा कि गत सप्ताह की शुरुआत में गायिका के वकील से संपर्क करने के बावजूद उनसे कोई वादा नहीं किया गया। कोई चारा न देख उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सिंह ने कहा कि उन्हें पेशकश के लिए पहले ही पूरा भुगतान किया जा चुका है।
सुनिधि के दक्षिण अफ्रीकी वकील ऐश हरिप्रसाद ने कहा कि जब अदालत के अधिकारी डरबन के आईसीसी केंद्र स्थित गायिका के कमरे में जब्ती आदेश के साथ आए तो सुनिधि ने आदेश प्राप्त किया और शेरिफ को वह ले जाने दिया जो वह ले जा सकते थे। गायिका के पास ज्यादा कुछ नहीं था। लिहाजा शेरिफ उनके परिधानों से मेल खाते आभूषण ले जाने में कामयाब रहे। सुनिधि सहयोग कर ही रहीं थीं और उन्होंने जोर दिया कि वह अपना कार्यक्रम देंगी। यह कार्यक्रम शनिवार रात को हुआ।