
मुंबई। अभिनेता इमरान हाशमी ने आज बांद्रा की एक हाउसिंग सोसाइटी पर आरोप लगाया है कि उसने इसमें एक मकान खरीदने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र इसलिए नहीं दिया क्यों कि वह मुस्लिम हैं।
हाशमी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मुझे बताया कि इस सोसायटी में मुस्लिमों के प्रति पक्षपात किया जाता है। हाशमी ने कहा कि वह पाली हिल में मकान खरीदना चाहते हैं, लेकिन हाउसिंग सोसाइटी ने मुस्लिम होने की वजह से उन्हें अनापत्ति प्रमाणपत्र देने से इंकार कर दिया। महेश भट्ट की खोज हाशमी ने पत्रकारों को बताया कि पाली हिल स्थित निबाना कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी उन्हें अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मुहैया करा रही है।
हाशमी ने बताया कि मामले में दखल देने के लिए उन्होंने राज्य अल्पसंख्यक आयोग से संपर्क साधा है। हाशमी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनसे एक लाख रुपए की अग्रिम राशि लेने के बावजूद सोसाइटी उन्हें अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सोसाइटी के सदस्य उनके अभिभावक से भी नहीं मिल रहे हैं।