फ्लैट आवंटन से जुड़ा हाशमी विवाद सुलझा

फ्लैट आवंटन से जुड़ा हाशमी विवाद सुलझा

मुंबई। उपगरीय बांद्रा में निब्बान हाउसिंग सोसाइटी पर धार्मिक आधार पर भेदभाव करने से संबंधित अपने आरोप को गलतफहमी करार देते हुए बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी ने आज कहा कि फ्लैट आवंटन से जुड़े विवाद को सुलझा लिया गया है।

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष मामले की सुनवाई के बाद संवाददाताओं से कहा निब्बान हाउसिंग सोसाइटी और मेरे बीच विवाद को सुलझा लिया गया है। यह गलतफहमी से जुड़ा मामला था।

हाशमी के वकील माजिद मेनन ने कहा सोसाइटी के सचिव ने आज इमरान को बताया कि उन्होंने अभिनेता के साथ कोई भेदभाव नहीं किया है और अगर कोई व्यक्ति अपना फ्लैट बेचना चाहता है तो इमरान उसे खरीद सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में ब्रोकर जगजीत अरोड़ा ने अभिनेता से कहा था कि सोसाइटी ने फ्लैट बेचने से इंकार कर दिया है क्योंकि हाशमी मुसलमान है।

मेनन ने कहा बहरहाल, सोसाइटी के सचिव जे.पी.छत्री ने आज अल्पसंख्यक आयोग से कहा कि वह अभिनेता के साथ धार्मिक आधार पर कोई भेदभाव नहीं करेंगे।

अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष सुनवाई के दौरान उपस्थित फ्लैट के मालिक डी यू सुवर्ण ने कहा कि उन्हें अभिनेता को फ्लैट बेचने में काफी खुशी होगी जो उनके लिए पुत्र समान हैं। सुवर्ण ने कहा मैंने अभी यह तय नहीं किया है कि फ्लैट का क्या करना है। लेकिन अगर मैं फ्लैट बेचने का निर्णय करता हूं तो मेरी पहली पसंद हाशमी होंगे।

उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को हाशमी ने अल्पसंख्यक आयोग से सम्पर्क कर पाली हिल स्थित हाउूसिंग सोसाइटी पर धार्मिक आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया क्योंकि सोसाइटी ने फ्लैट की खरीद के लिए उन्हें अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने से मना कर दिया था। इस सोसाइटी में जाने माने खलनायक प्रेम चोपड़ा समेत कई फिल्मी हस्तियां रहती हैं।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नसीम सिद्दीकी ने कहा इस मुद्दे को मीडिया ने विषय से हटकर ज्यादा तूल दे दिया। यह गलतफहमी का मामला था और आज सभी संबद्ध पक्षों ने बैठकर इसे सुलझा लिया।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित