
नई दिल्ली। फिल्म कसूर में शानदार नकारात्मक भूमिका निभाने के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार जीतने के बाद अभिनेता आफताब शिवदासानी ने अनेक फिल्मों में कॉमेडी के क्षेत्र में हाथ आजमाने की कोशिश की लेकिन अभिनेता ने कहा कि वह अब भी पर्दे पर खलनायक की भूमिका निभाना पसंद करते हैं।
स्पीड और जाने होगा क्या जैसी फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभा चुके शिवदासानी ने कहा कि यह निराशाजनक है कि मुझे अपनी अभिनय प्रतिभा को तलाशने के लिए सही भूमिका, सही पटकथा और सही निर्देशक नहीं मिले। शिवदासानी ने कहा कि खलनायक की भूमिका निभाने में मुझे खुशी मिलती है। मुझे नायक की धुनाई करने में मजा आता है। कसूर आजतक मेरी पसंदीदा फिल्म है। दुर्भाग्य से इंडस्ट्री में बहुत कम लोग हैं जो खास भूमिका के लिए सही किरदार को चुनते हैं। डैडी कूल में दर्शकों को एक बार फिर अपनी कॉमेडी से गुदगुदाने को तैयार शिवदासानी ने कहा कि लोगों को लगता है कि मैं कॉमेडी आसानी से कर सकता हूं और मैं उससे इंकार नहीं करता। लेकिन मैं अब भी स्वप्निल भूमिका के इंतजार में हूं। मेरा मानना है कि हर अभिनेता उसी तरह महसूस करता है।
क्लासिक फिल्म मिस्टर इंडिया में बाल कलाकार के तौर पर अपने कैरियर की शुरूआत करने वाले 31 वर्षीय अभिनेता को बतौर अभिनेता पहला ब्रेक 1999 में प्रदर्शित रामगोपाल वर्मा की फिल्म मस्त से मिला। इस फिल्म में उनकी नायिका उर्मिला मातोंडकर थीं। शिवदासानी का एक दशक पुराना कैरियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इस दौरान उन्होंने मिस्टर या मिस, हंगामा, डरना मना है, लव के लिए कुछ भी करेगा और आलू चाट सरीखी फिल्मों में भूमिका निभाई है।
अभिनेता को हाल में अक्षय कुमार और करीना कपूर अभिनीत कमबख्त इश्क में देखा गया।