
इंदौर। बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में किसी सियासी दल का प्रचार करने की संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि वह अभी सिर्फ अपने फिल्मी कॅरियर पर ध्यान दे रही हैं और सियासत से किसी रूप में जुड़ना नहीं चाहतीं हैं।
प्रियंका ने कहा, मैं अभी सियासत से किसी भी रूप में जुड़ना नहीं चाहती। मैं हालांकि कुछ सियासी हस्तियों की प्रशंसक अवश्य हूं। बहरहाल, उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के चलते सियासी माहौल अभी खासा गर्म है और इसके मद्देनजर वह बताना नहीं चाहेंगी कि ये हस्तियां कौन हैं। उन्होंने साफ संकेत दिए कि वह इस चुनाव में कुछ फिल्म कलाकारों की तरह किसी सियासी दल के लिए जनता से वोट मांगने के पक्ष में फिलहाल नहीं हैं।
एक सवाल के जवाब में प्रियंका ने साफ किया कि उनका अभी शादी के बारे में कोई विचार नहीं है, क्योंकि वह अभी अपने फिल्मी कॅरियर पर ध्यान दे रही हैं। यह पूछे जाने पर कि अगर उन्हें बिग बॉस सरीखे रियलिटी शो की प्रतिभागी बनने का न्यौता मिले तो वह इसे स्वीकार करेंगी, उन्होंने कहा, शायद मुझमें ऐसे रियलिटी शो का प्रतिभागी बनने की शक्ति नहीं है, क्योंकि वहां आपके सिर पर चौबीसों घंटे कैमरे तने रहते हैं। उन्होंने हालांकि कहा कि वह फुर्सत में ऐसे रियलिटी शो देखना पसंद करती हैं।