
नई दिल्ली। दिवाली के हफ्ते में रिलीज होने को तैयार बॉलीवुड की तीन बड़ी बजट की फिल्मों को लोगों से तोहफे की उम्मीद है। इस साल आईपीएल और निर्माताओं की हड़ताल से पहले ही बॉलीवुड को धक्का लग चुका है, ऐसे में अब उसे लोगों से सकारात्मक रुख की आशा है।
उल्लेखनीय है कि इस हफ्ते अजय देवगन की ऑल द बेस्ट, अक्षय कुमार की ब्लू और सलमान खान की मैं और मिसेस खन्ना रिलीज होने वाली है। इस साल मात्र चार सफल फिल्में आने के बाद फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे क्रिकेट की दीवानगी और निर्माताओं की हठ जिम्मेदार है।
फिल्म व्यापार विश्लेषक तरन आदर्श ने कहा, दिवाली हमेशा ऐसा समय होती है जब लोग खर्च करने को तैयार रहते हैं। अगर हम पिछले रिकार्ड को देखें, तो ज्यादातर चार्टबस्टर इसी समय रिलीज होती हैं, चाहे वह कुछ कुछ होता है, वीर जारा हो या फैशन।
उन्होंने कहा, इस बार हमारे पास तीन बड़ी बजट की फिल्में हैं। और अगर यह फिल्म अच्छी हैं, तो एक बार में कई फिल्में रिलीज करने का फॉर्मूला पिछले कई बार की तरह काम कर जाएगा। उन्होंने कहा कि फैशन और गोलमाल रिटर्न ने भी इसी दौर में बहुत अच्छा व्यापार किया था।
पीवीआर सिनेमा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ वर्धन ने कहा, मुझे लगता है कि यह तीनों ही फिल्में पहले हफ्ते में 80 प्रतिशत से ज्यादा का धंधा करेंगी। कई फिल्में एक साथ रिलीज होने से दर्शक बंट जाते हैं। लेकिन खर्च करने वाली आय इस समय बढ़ी हुई है और इस समय फिल्म देखने वाले सिनेमाघरों की ओर टूट पड़ेंगे और एक से ज्यादा फिल्में देखेंगे।
यूटीवी मोशन पिक्चर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा, त्यौहारी मौसम का मजा लेने के लिए फिल्म देखने वाले एक से ज्यादा फिल्में देखेंगे। कई फिल्में रिलीज होना कोई मुद्दा नहीं है, प्रमुख बात है लोगों को टिकट मिल पाना। इसलिए कई फिल्मों के रिलीज होने से हम अच्छे की आशा कर रहे हैं।