
नई दिल्ली। बहन शमिता की गैरमौजूदगी में प्रेमी राज कुंद्रा से सगाई करने वाली शिल्पा शेट्टी को सगाई पर अपनी बहन की कमी बहुत खली। अब शिल्पा की शादी की तारीख निर्धारित हो गई है और शमिता के घर आते ही शिल्पा अपनी शादी की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर देंगी।
शिल्पा ने अपने ब्लॉग पर लिखा है हां मेरी सगाई हो गई। मैं चाहती थी कि पहले सगाई हो जाए और उसके बाद मैं इसका ब्लॉग पर जिक्र करूं। मैंने देखा कि मेरी सगाई के समय मेरे माता-पिता से ज्यादा उत्साहित मीडिया वाले थे। अगर सगाई को लेकर उनकी यह प्रतिक्रिया है, तो मैं शादी के बारे में सोचकर घबरा रही हूं। शिल्पा ने लिखा यह मेरे लिए खुशी और गम दोनों का वक्त है। खुशी स्वाभाविक तौर पर इसलिए है क्योंकि राज और मैं अपने रिश्ते को दूसरे चरण तक ले जा रहे हैं। गम इसलिए क्योंकि सब जानते हैं कि मेरी बहन शमिता इस वक्त बिग बॉस के घर में है और वह सगाई में शामिल नहीं हो सकी। वह तो इस बारे में जानती भी नहीं है।
शिल्पा ने लिखा है सगाई की तारीख एक हफ्ते पहले ही निर्धारित हुई और हम इस फैसले पर पहुंचे कि हमें सगाई कर ही लेनी चाहिए क्योंकि इसका अगला मुहूर्त लंबे समय बाद था। और हमें राज के माता-पिता के बारे में भी सोचना था क्योंकि वे लंदन से एक सप्ताह के लिए आए थे।
बकौल शिल्पा मैं इस विशेष मौके पर शमिता को अपने साथ चाहती थी, लेकिन मुझे राज के परिवार के बारे में भी सोचना था। सभी लोग जानना चाहते हैं कि मैंने शमिता के बिना सगाई कैसे कर ली, लेकिन यही उसका एकमात्र कारण है। यह मेरे लिए बहुत कठिन फैसला था।
शिल्पा ने लिखा मैं जानती हूं कि शमिता इस बारे में जानने के बाद मुझे मार ही डालेगी, लेकिन मैं जानती हूं कि वह इस बारे में जानकर बहुत खुश होगी। मैं उसे कितना याद कर रही हूं, यह शब्दों में बताना संभव नहीं है। उसे अपनी अंगूठी दिखाने के लिए मैं इंतजार नहीं कर पा रही।
शिल्पा के मुताबिक मुझमें इतनी हिम्मत नहीं है कि मैं उसे बिग बॉस के घर से बाहर निकाल लाऊं, क्योंकि वह वहां बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उसने घर में कभी खाना नहीं बनाया, लेकिन मैंने उसे वहां रोटी बनाते हुए देखा। उसे टीवी पर रोते देखना बहुत खराब लगा। टीवी पर उसे इतना अच्छा करते देखकर पूरे परिवार को उस पर गर्व है।
सगाई के आयोजन के बारे में शिल्पा ने लिखा है यह बिल्कुल पारिवारिक समारोह रहा। सिर्फ मेरा और राज का परिवार और मेरे दो मित्र। जब मैं राज के घर जा रही थी, तो मुझे बहुत अजीब अहसास हो रहा था, लेकिन जैसे ही मैंने राज को देखा मुझे खुद पर हंसी आ गई।
शिल्पा ने लिखा मैं जानती हूं कि अब सब शादी की तारीख के बारे में जानना चाहते हैं। हां, यह निर्धारित हो गई है और जैसे ही शमिता घर आएगी, इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी जाएगी।