असिन ने सादगी से मनाया जन्मदिन

असिन ने सादगी से मनाया जन्मदिन

मुंबई। फिल्म लंदन ड्रीम्स के कई प्रचार अभियानों की वजह से थक कर चूर बॉलीवुड अभिनेत्री असिन थोट्टुमकल ने इस बार बहुत थोड़े से दोस्तों और परिवारिक सदस्यों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे शांतिपूर्ण और खुशहाल जन्मदिन था।

सोमवार को 24 बरस की हुईं असिन ने कहा, असल में मैं बिल्कुल भी नहीं सोई थी। पिछले एक सप्ताह से मैं दिनभर में केवल तीन-चार घंटे सोकर लंदन ड्रीम्स के लिए लगातार काम कर रही थी। मैंने थका देने वाले सप्ताह से निकलकर अपने जीवन का बेहद शांतिपूर्ण और खुशहाल जन्मदिन मनाया है। असिन ने जन्मदिन के अवसर पर अपने करीबी मित्रों को रविवार को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा, रात्रिभोज में मेरे आठ बेहद नजदीकी मित्र ही शामिल हुए थे। मध्यरात्रि में उन्होंने मुझसे केक कटवाया। मैं खुद को दोबारा से 12 वर्ष का अनुभव कर रही थी।

इससे पहले रविवार की शाम अपने घर पहुंची असिन घर की सजावट को देखकर चकित रह गई थीं। उन्होंने कहा, जब मैंने दरवाजा खोला तो देखा कि मेरे माता-पिता ने पूरा घर गुब्बारों से सजा रखा था। जब मैं बच्ची थी तब भी वह मेरे जन्मदिन पर ऐसे ही घर सजाते थे। मुझसे कुछ गुब्बारे फूट गए क्योंकि वहां चलने के लिए भी जगह नहीं थी। मैं इतनी खुश कभी नहीं हुई।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित