
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का कहना है कि उनके विवाह की तारीख तय हो गई है लेकिन वह इसकी घोषणा तभी करेंगी जब उनकी बहन शमिता शेट्टी उनके साथ होंगी।
दो साल की दोस्ती के बाद शनिवार को राज कुंद्रा से सगाई कर चुकीं शिल्पा ने अपने ब्लॉग पर लिखा है, मैं जानती हूं कि हर कोई विवाह की तारीख जानने को उत्सुक है। मैं बस इतना ही कह सकती हूं कि यह तारीख तय हो गई है और शमिता के बाहर आने के बाद मैं इसकी घोषणा कर दूंगी। इन दिनों शमिता रियलिटी शो बिग बॉस 3 में हिस्सा ले रही हैं। 10 अन्य लोगों के साथ वह एक घर में बंद हैं और घर के लोगों का बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं है।
शिल्पा का कहना है कि वह अपनी बहन की कमी महसूस कर रही हैं। उन्होंने लिखा, यह मेरे लिए खुशी और गम दोनों का समय है। जाहिर है कि मुझे राज के साथ अपने संबंधों को अगले पड़ाव पर ले जाने की खुशी है लेकिन जैसा कि आप में से ज्यादातर लोगों को मालूम है कि मेरी बहन शमिता अब भी बिग बॉस के घर में हैं और वह समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। यहां तक कि उन्हें पता भी नहीं है। एक सप्ताह पहले ही तारीख तय हो चुकी थी और हम सभी ने निर्णय लिया था कि इस दिन सगाई होगी क्योंकि अगला अच्छा मुहूर्त काफी बाद में था। राज के माता-पिता और रिश्तेदार भी एक सप्ताह के लिए लंदन से यहां आए हुए थे इसलिए हमारे लिए यह समय उपयुक्त था।
शिल्पा कहती हैं कि उन्हें पता है कि जब शमिता बाहर इस सगाई के बारे में जानेंगी, तो उन्हें झटका लगेगा।