
नई दिल्ली। रुपहले पर्दे पर रुमानियत बिखेरते हुए सिने सितारों के असल जिंदगी में हमसफर बनने का सिलसिला चालीस के दशक में वी शांताराम और जयश्री से शुरू होकर बदस्तूर चलता आया है और इसकी ताजा कड़ी बनने जा रहे हैं अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय।
हिन्दी सिनेमा में भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीदों में शामिल अभिषेक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बालीवुड का चेहरा बनी ऐश्वर्या का ब्याह सही मायने में दो सितारों के जमीन पर मिलन को चरितार्थ करता है जिनका प्रेम जेपी दत्ता की उमराव जान के दौरान पनपा। स्क्रीन पर वे ढाई अक्षर प्रेम के, कुछ ना कहो और इस साल की सबसे बड़ी हिट गुरू में हमसफर बन चुके हैं। वाकई इतिहास अपने को दोहराता है। अभिषेक के पिता महानायक अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी बच्चन भी 1973 में जंजीर की अप्रतिम सफलता के बाद इसी तरह सात फेरों के बंधन में बंधे थे। उस समय अमिताभ उदीयमान सितारे थे और जया स्थापित कलाकार थी। यही बात आज अभिषेक और ऐश्वर्या के बारे में कही जा सकती है। बालीवुड में यह परंपरा शुरू करने का श्रेय वी शांताराम को दिया जा सकता है जिन्होंने 1943 में अपनी हिट फिल्म शकुंतला की नायिका जयश्री से शादी की। दो आंखें बारह हाथ फेम वी शांताराम की यह दूसरी शादी थी। उन्होंने इसी फिल्म की नायिका संध्या से 1955 से तीसरा विवाह रचाया। हिन्दी सिनेमा को कुछ नायाब फिल्मों की धरोहर से नवाजने वाले संवेदनशील फिल्मकार गुरूदत्त भी अपनी सह कलाकार के प्रेमपाश में बंधने से नहीं बच सके।
मखमली आवाज की मलिका गीता राय दत्त से 1953 में बाजी फिल्म के एक गीत की रिकार्डिग के दौरान हुई उनकी मुलाकात प्रेम में बदली और दोनों ने सात फेरे ले लिए। गुरूदत्त का अपनी प्रिय नायिका वहीदा रहमान से लगाव भी हालांकि किसी से छिपा नहीं है। शम्मी कपूर और हरिकीर्तन कौर उर्फ गीता बाली के शादी की दास्तान भी कम रोचक नहीं। गीता ने शम्मी की फिल्म रंगीन रातें में छोटा सा किरदार निभाया था और रानीखेत में फिल्म की आउटडोर शूटिंग के दौरान दोनों का इश्क परवान चढ़ा। उम्र में अपने से छोटे शम्मी से गीता ने 1955 में शादी की। सदाबहार अभिनेता देव आनंद ने इश्क तो सुरैया से लड़ाया लेकिन शादी नहीं कर सके। उन्होंने 1954 की अपनी हिट फिल्म टैक्सी ड्राइवर की नायिका कल्पना कार्तिक से शूटिंग में लंच ब्रेक के दौरान गुपचुप शादी कर ली थी। ट्रेजेडी क्वीन मीना कुमारी ने 1952 में फिल्मकार कमाल अमरोही से निकाह किया। अपने से 15 बरस बड़े और पहले से शादीशुदा अमरोही से उनकी निभ नहीं सकी और दोनों 1964 में अलग हो गए। बालीवुड की कामयाब शादियों का जिक्र सुनील दत्त और नरगिस के बिना अधूरा रहेगा। मदर इंडिया 1957 की शूटिंग के दौरान सुनील दत्त ने नरगिस को जानलेवा आग से बचाया और इसी घटना ने दोनों को जीवनसाथी बना दिया। सुनील भी अपनी पत्नी से उम्र में छोटे थे। मधुबाला के सामने जब किशोर कुमार ने 1960 में शादी का प्रस्ताव रखा तो भारत भूषण और प्रदीप कुमार भी सौंदर्य की इस देवी को अपना हमसफर बनाना चाहते थे। मधुबाला ने किशोर को चुना हालांकि सीने में सुराख के कारण वह शादी के बाद ज्यादा दिन जिंदा नहीं रह सकी। किशोर ने तीसरी शादी गीता बाली की भांजी योगिता से की जो अब मिथुन चक्रवर्ती की पत्नी है। इस महान गायक और अभिनेता ने चौथा विवाह अभिनेत्री लीना चंदावरकर से रचाया। अभिनय सम्राट दिलीप कुमार ने 1966 में जब सायरा बानो से निकाह किया तो उनकी उम्र 44 और सायरा की सिर्फ 22 साल थी लेकिन आज भी यह बालीवुड की सबसे कामयाब जोड़ी मानी जाती है। रणधीर कपूर और बबीता ने कपूर परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की जो चल नहीं सकी। वहीं रूमानी नायक ऋषि कपूर और अल्हड़ नीतू सिंह का प्यार कभी-कभी के सेट पर पनपा और 1976 में हुई इनकी शादी बेहद कामयाब रही। शशि कपूर और जेनिफर भी एक दूजे के लिए बनी जोडि़यों में से थे। अपनी आन स्क्रीन केमिस्ट्री को धर्मेद्र और हेमा मालिनी ने असल जिंदगी में भी साबित कर दिया। बिंदास जीनत अमान की संजय खान 1980 और मजहर खान 1985 से शादियां चल नहीं सकी। यही हश्र सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिम्पल कपाडि़या की शादी का हुआ। खन्ना ने 1973 में अपने से 15 बरस छोटी बाबी गर्ल डिम्पल से शादी करके सभी को चौंका दिया था। उनकी बेटी ट्विंकल और अक्षय कुमार की शादी हालांकि कामयाब है। संजय दत्त की पहली पत्नी रिचा शर्मा से नहीं निभ सकी। काजोल ने अपने कैरियर के चरम पर 1999 में अजय देवगन से विवाह किया और दोनों बालीवुड के सुखी दंपत्तियों में शुमार है। काजोल की मां तनूजा और पिता शोमू मुखर्जी हालांकि गृहस्थी की गाड़ी ज्यादा दिन एक साथ नहीं खींच सके थे। सैफ अली खान और उम्र में उनसे बड़ी अमृता सिंह, रीना राय और मोहसिन खान, कमल हसन और सारिका भी नाकाम शादियों की बानगियां हैं।