समझदार इनसान हैं फरदीन खान

समझदार इनसान हैं फरदीन खान

जन्मदिन, 8 मार्च पर पर विशेष...

फरदीन बहुत ही सहयोगी और समझदार इनसान हैं। शुरुआती दौर में उनका और उनकी फैमिली का सहयोग मेरे लिए महत्वपूर्ण रहा है। फरदीन और मेरे बीच बहुत ही स्पेशल रिश्ता है। हम ऑफ स्क्रीन जितने अच्छे दोस्त हैं, ऑन स्क्रीन भी एक-दूसरे के साथ उतने ही अच्छे दोस्त हैं। वैसे, दर्शक भी पर्दे पर हमारी केमिस्ट्री को पसंद करते हैं। जांनशीं के पहले मैं फरदीन को नहीं पहचानती थी। दरअसल, इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान हमारी दोस्ती हुई, जो आज भी बनी हुई है। जांनशीं की शूटिंग के दौरान फरदीन से मिले सहयोग के लिए मैं हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहूंगी। चूंकि यह मेरी पहली फिल्म थी, इसलिए बहुत जरूरी था कि मेरा को-आर्टिस्ट मुझे समझ सके। फरदीन मेरे पहले को-आर्टिस्ट हैं और वे मेरे लिए बेहद खास भी हैं। हमने नो एंट्री में भी साथ-साथ काम किया। नो एंट्री की शूटिंग के दौरान हमने दोबारा एक-दूसरे के साथ एन्ज्वॉय किया। इसके अतिरिक्त हम साथ-साथ शादी डॉट कॉम फिल्म भी करने वाले थे, लेकिन किसी कारणवश यह फिल्म नहीं बन पाई। आने वाले दिनों में भी हम एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिख सकते हैं। वैसे तो अभिनय की कला फरदीन को विरासत में मिली है, लेकिन बावजूद इसके वे अपनी हर फिल्म में मेहनत खूब करते हैं। यही कारण है कि हर दूसरी फिल्म में उनका अभिनय दिन-ब-दिन निखरता ही जा रहा है। मेरी समझ से वे हिंदी फिल्मों के सबसे स्टाइलिश ऐक्टरों में से एक हैं। फरदीन हमेशा सच्चाई का सामना डटकर करते हैं और गलतियों से सीखते भी रहते हैं। गलतियों से सीखा, इसीलिए कोकीन विवाद का सामना भी वे धैर्य से कर पाए। वे अपने करीबी लोगों को कभी दुखी नहीं देख सकते। फरदीन सही मायने में आज की पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो मॉडर्न, ईमानदार और धैर्यवान है। विदेश में पढ़ाई करने के बाद भी वे अपने संस्कारों को नहीं भूले। वे अपने माता-पिता का आदर और बहनों से बेहद प्यार करते हैं। वे अपने निजी जीवन को भी उतना ही महत्व देते हैं, जितना करियर को। उन्होंने अपने उभरते करियर की परवाह नहीं करते हुए नताशा से शादी रचाई। वे बेहद खुश हैं। इससे पता चलता है कि वे नताशा को लेकर कितने कमिटेड हैं! शादी के बाद फरदीन पहले से अधिक रिलैक्स नजर आते हैं। दरअसल, वे हमेशा अपने रिश्ते को लेकर ईमानदार रहे हैं। अपने परिवार के प्रति कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए वे अपने फिल्मी करियर को भी सही ट्रैक पर ले जाने में सफल हैं। मैं उन्हें उनके जन्मदिन के मौके पर सफल पारिवारिक जीवन की शुभकामनाएं देती हूं। उनके जीवन में यूं ही खुशियों की बरसात होती रहे। आने वाला साल उनके जीवन में ढेर सारी खुशियां लेकर आए।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:3.666666
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित