प्रेरित करती है माधुरी की मुस्कान

प्रेरित करती है माधुरी की मुस्कान

जन्मदिन, 15 मई पर विशेष...

कई फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाएं करने वाले यशपाल शर्मा को माधुरी दीक्षित के साथ यशराज फिल्म्स की फिल्म आजा नचले में काम करने का अवसर मिला। माधुरी के जन्मदिन के अवसर पर यशपाल बता रहे हैं हमें उनके बारे में..

माधुरी दीक्षित के साथ फिल्म करने का अनुभव बिल्कुल अलग रहा। मैं खुद उनका प्रशंसक रहा हूं। मैंने उनकी फिल्म तेजाब न जाने कितनी बार देखी होगी! उनकी मुस्कान और अदा हमेशा लुभाती है। लोग गौर करें, तो पाएंगे कि माधुरी केनृत्य में भी अभिनय का अंश रहता है। मुझे लगता है कि अगर वे नृत्य-नाटिका करें, तो बहुत सफल होंगी।

आजा नचले में उनके साथ काम करने का मौका मिलना एक सौभाग्य की बात है। साथ काम करते हुए उन्हें करीब से देखने और जानने का मौका मिला। सेट पर हम कलाकारों के पास खाली क्षण भी रहते हैं और सच तो यह है कि उन्हीं क्षणों में कलाकारों के दूसरे पहलू के बारे में अहसास होता है। माधुरी के बारे में यही कहूंगा कि वे ठहाके लगाना जानती हैं और ठहाका वही लगा सकता है, जो दिल का साफ हो। दूसरों की बातें गौर से सुनना और एप्रिसिएट  करना वे जानती हैं। वे खुद भी खूब बातें करती हैं। उनके साथ ऐसा नहीं रहता कि सेट पर एक पॉपुलर ऐक्ट्रेस आ गई हैं, तो बाकी लोग खामोश हो जाए। यह किसी कलाकार का बड़प्पन ही होता है। माधुरी दीक्षित के साथ डांस के एक सीन में मुझे भी रहना था। पहले तो मुझे थोड़ा संकोच हुआ, लेकिन मेरा किरदार ऐसा था कि सिर्फ हाथ-पांव हिलाने से ही मेरा काम चल गया। सच तो यह है कि वे गजब की डांसर हैं और पूरे मन से डांस करती हैं। इस फिल्म की शूटिंग में मैंने देखा कि वे काफी री-टेक दे रही थीं। हो सकता है कि सिंक साउंड की वजह से ऐसा हुआ हो। नई तकनीक के साथ ऐडजस्ट होने में थोड़ा टाइम तो लग ही जाता है! मैंने देखा है कि फिल्मों के मशहूर ऐक्टर हम प्रशिक्षित ऐक्टरों से थोड़ा खिंचे-खिंचे रहते हैं, लेकिन एक सच यह भी है कि माधुरी दीक्षित में ऐसी कोई बात नहीं दिखी। वे सभी से खुलकर मिलती थीं और दूसरों के सीन को गौर से देखती भी थीं। हालांकि उम्र ने माधुरी के चेहरे पर दस्तक दे दी है, लेकिन आज भी उनके रूप का लावण्य मोहित करता है। सच तो यह है कि प्रेरित करती हैं उनकी मुस्कान। ऐसी खूबसूरती और ऐसी अदा बहुत कम हीरोइनों में देखने को मिलती है। उनके जन्मदिन पर मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं। एक प्रशंसक के रूप में यही कामना करूंगा कि वे और भी फिल्में करती रहें।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2008 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित