
युवा निर्देशक राजकुमार गुप्ता की आने वाली फिल्म है आमिर। इसके जरिए वे हिंदी फिल्मों में निर्देशन की पारी की शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर करते हुए वे कहते हैं, बहुत अछा लग रहा है कि मेरी पहली फिल्म रिलीज होने जा रही है। हमारी टीम ने खूब मेहनत की है, लेकिन सच तो यह है कि रिलीज के पहले थोड़ी-सी घबराहट भी हो रही है।
आमिर की कहानी के बारे में राजकुमार विस्तार से बताते हैं, यहएक आम इनसान की कहानी है। एक लड़का, जो लंदन से आया है। उसे कुछ ऐसा करने को मजबूर किया जाता है, जो वह करना नहीं चाहता। इस विपरीत परिस्थिति का वह कैसे सामना करता है, यही आमिर में देखने को मिलेगा। राजकुमार अपनी बात जारी रखते हैं, मेरी फिल्म कटिंग एज एंटरटेनमेंट है, जिसका जॉनर थ्रिलर है। एक सच यह भी है कि हमने इसकी शूटिंग रिअॅल लोकेशनों पर की है। मुंबई की तंग गलियों में वहां के रिअॅल क्राउड के बीच इसकी शूटिंग हुई है। शटर वाले ट्रक में कैमरा रखकर हम शॉट लेते थे। हर सीन में दर्शकों को हमारी मेहनत दिखेगी। दरअसल, इस फिल्म के जरिए हम लोगों को यह बताना चाहते हैं कि फिल्में केवल पैसे से नहीं, बल्कि दिल से भी बनती हैं।
छोटे पर्दे के लोकप्रिय अभिनेता राजीव खंडेलवाल आमिर के जरिए अपनी फिल्मी पारी शुरू कर रहे हैं। शीर्षक रोल के लिए उनके चुनाव पर राजकुमार कहते हैं, राजीव में एक आम इनसान की छवि नजर आती है। हम सभी जानते थे कि वही इस चरित्र को ईमानदारी से निभा सकते हैं। फिल्म में राजीव को देखना दर्शकों के लिए एक रोचक अनुभव होगा। उनका अभिनय शानदार है। राजीव के अतिरिक्त इसमें गजाला अमीन और झिलमिल सरीखे और भी थिएटर आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने अपने अभिनय से हमारी फिल्म को और खूबसूरत बना दिया है।
हजारीबाग के रहने वाले राजकुमार का फिल्मी सफर शुरू हुआ निर्देशक अनुराग कश्यप के साथ। वे ब्लैक फ्राइडे और नो स्मोकिंग में सहायक निर्देशक रहे। राजकुमार बताते हैं, मुझे बचपन से ही फिल्मों के कलात्मक पक्ष से जुड़ने का शौक था। जब कॉलेज में गया, तो उसी दौरान मैंने सोच लिया कि इसी क्षेत्र में करियर बनाना है। जेवियर्स इंस्टीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन से पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने अनुराग कश्यप के साथ बतौर सहायक काम करना शुरू कर दिया। उसी दौरान कुछ फिल्मों की स्क्रिप्ट भी लिखी, जिनका निर्देशन खुद करना चाहता था। ऐसे में, जब आमिर की योजना बनी, तो निर्देशक बनने के मेरे सपने को पर लग गए। आमिर के रूप में मुझे मेरी पहली फिल्म मिली, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई। ब्लैक फ्राइडे और नो स्मोकिंग में काम करके जो अनुभव हासिल हुआ, वह आमिर की मेकिंग के समय काम आया।
आमिर के बाद किसी और फिल्म के निर्देशन की योजना फिलहाल राजकुमार ने नहीं बनाई है। उनका पूरा ध्यान अभी इसी पर केंद्रित है। वे कहते हैं, इस फिल्म की रिलीज के बाद ही कोई योजना बनेगी।
-मुंबई प्रतिनिधि