परिवार के साथ जुड़ी हैं मेरी खुशियां: सोनाली बेंद्रे

परिवार के साथ जुड़ी हैं मेरी खुशियां: सोनाली बेंद्रे

कभी हिंदी फिल्मों की लोकप्रिय और आकर्षक चेहरों में शुमार रहीं अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे अपने प्रिय मित्र गोल्डी बहल के साथ विवाह करने के बाद रुपहले पर्दे से ओझल हो गई थीं। बिटिया केतीन वर्ष होने के बाद सोनाली ने दोबारा ग्लैमर की दुनिया से खुद को जोड़ने का निर्णय लिया। पहले वे सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के रिअॅलिटी शो मिस्टर ऐंड मिस टेलीविजन में निर्णायक की भूमिका में दिखीं और अब वे इंडियन आइडल में एक जज की भूमिका निभा रही हैं। वे बताती हैं कि टीवी पर मैं पहले भी आ चुकी हूं। स्टार प्लस पर मैंने क्या मस्ती क्या धूम शो की ऐंकरिंग की थी, लेकिन उसके बाद लंबा ब्रेक ले लिया। पिछले दिनों मिस्टर ऐंड मिस टेलीविजन से जुड़ने का मौका मिला और अब इंडियन आइडल में जज बनी हूं। इस शो से जुड़कर मैं अच्छा इसलिए भी फील कर रही हूं, क्योंकि यह भारत का न केवल पहला म्यूजिक रिअॅलिटी शो है, बल्कि अपनी तरह का अकेला शो भी है। शो से जुड़े ज्यादातर अभिनेता-अभिनेत्री बंधी-बंधाई स्क्रिप्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। ऐसे में इंडियन आइडल की शूटिंग के दौरान स्क्रिप्ट का कितना योगदान रहता है? पूछने पर सोनाली कहती हैं, दरअसल, हमारे लिए कोई स्क्रिप्ट नहीं होती! शुरू-शुरू में मुझे अजीब-सा लगता था कि बिना स्क्रिप्ट के किस तरह हम शूटिंग करेंगे, लेकिन अब मैं आदी हो गई हूं। आम लोगों की तरह अपनी प्रतिक्रिया दे रही हूं। अनु मलिक, जावेद अख्तर, कैलाश खेर की मौजूदगी में निर्णायक की अपनी भूमिका के बारे में सोनाली बताती हैं कि कॉन्टेस्टेंट में एक्स फैक्टर ढूंढने का काम मुझे सौंपा गया है। उनकी ओवरऑल पर्सनैल्टी को सिंगिंग के साथ मिलाकर जज करती हूं। मैं आम जनता के नजरिए से भी कॉन्टेस्टेंट को जज करूंगी, क्योंकि सिंगिंग की तकनीक के आधार पर निर्णय लेने के लिए अनु मलिक और कैलाश खेर हैं।

अभी तक के इंडियन आइडल के सफर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सोनाली कहती हैं, बहुत अच्छा लग रहा है। कॉन्टेस्टेंट यंग हैं। ऑडिशन की प्रक्रिया के दौरान हम देश-विदेश केकई शहरों में गए। काफी अच्छे और मजेदार सिंगर मिले। साथ ही, जावेद अख्तर और अनु मलिक के साथ लंबे अर्से बाद मिलने का मौका मिल रहा है। इंडियन आइडल के कारण ही मुझे कैलाश खेर के रूप में एक नया दोस्त मिल गया है। मेरी बिटिया भी इंडियन आइडल की फैन है। वे आगे कहती हैं, मेरे पास जब इसके जज बनने का ऑफर आया, तो बेटी की पसंद को भी मैंने ध्यान में रखा। गोल्डी बहल के साथ वैवाहिक जीवन के खुशनुमा पल बिता रहीं सोनाली के लिए परिवार पहली प्राथमिकता है। वे कहती हैं, मेरे लिए पहली प्राथमिकता मेरा परिवार है, क्योंकि अपने परिवार के सदस्यों की खुशियों से ही मेरी खुशियां जुड़ी हैं।

-एस ए

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित