
टीवी के एक हंट शो की खोज सुनिधि चौहान हर तरह के गीत गाने में जरूर सक्षम हैं, लेकिन वे आज भी फास्ट ट्रैक की गायिका मानी जाती हैं। उनके बारे में पिछले दिनों आशा भोंसले ने कहा था कि सही मायने में गायिका के रूप में सुनिधि मेरी उत्तराधिकारी हैं, क्योंकि वे भी मेरी तरह अपनी फिटनेस को लेकर सतर्क रहती हैं, यही वजह है कि वे अभिनेत्री जैसी दिखती हैं। पिछले दिनों सुनिधि ने अपनी सेहत का राज तरंग को बताया। प्रस्तुत हैं, राज की बातें, उन्हीं की जुबानी..
बस एक कप चाय : हम सिंगर्स को खानपान पर काफी ध्यान रखना पड़ता है, इसलिए मैं भी इस बात का विशेष रूप से खयाल रखती हूं। मैं सुबह सात बजे बिस्तर छोड़ देती हूं। सबसे पहले गुनगुने पानी से गरारा करती हूं। उसके बाद गुनगुना पानी पीती हूं। ऐसा करने से गला साफ होता है। उसके बाद अदरक वाली चाय पीती हूं। पूरे दिन में बस एक कप चाय पीती हूं। हल्का-फुल्का वर्क-आउट करने के बाद शहद के साथ बेक्ड किया हुआ टोस्ट लेती हूं। अगर सवेरे कोई रिकॉर्डिग नहीं होती है, तो मां के हाथ का बना नाश्ता करने का अवसर मिल जाता है।
नहीं आता खाना बनाना : सच बताऊं, तो मुझे खाना बनाना नहीं आता। बहुत ज्यादा मन हुआ, तो अंडे का आमलेट बना लेती हूं या अंडा उबाल लेती हूं। जहां तक मां के हाथ के बने नाश्ते की बात है, तो वे पोहा, कचौड़ी, फ्रेंच सैंडविच, चीज सैंडविच या इडली बहुत अच्छा बनाती हैं। मम्मी को मालूम है कि मुझे कितना मिर्च-मसाला या तेल खाना चाहिए। नाश्ते के साथ शहद मिला एक गिलास दूध पीती हूं।
छोले-भटूरे भी खाती हूं : दोपहर के खाने में ज्यादातर हल्का खाना ही खाती हूं। दाल, रोटी, हरी सब्जी लेती हूं। इसके साथ रायता या छाछ जरूर होता है। कभी-कभी चेंज के लिए फ्रूट सलाद या ताजे फलों का रस भी ले लेती हूं। इससे शरीर बोझिल नहीं लगता। हम ज्यादा काम कर पाते हैं। अगर घर में रहती हूं, तो मैं छोले-चावल या राजमा-चावल खाना पसंद करती हूं। कभी-कभी अंडा करी भी चल जाता है, लेकिन अंडे का पीला वाला हिस्सा नहीं लेती। कभी-कभी छोले-भटूरे भी खाती हूं। इसके अलावा, साउथ इंडियन डिश भी मुझे बहुत पसंद हैं। मैं ऐसा कोई मौका जाने नहीं देती।
चिकन की डिश पसंद है : पूरे दिन खूब जम कर काम करती हूं, इसीलिए अच्छी भूख भी लगती है। रात नौ या साढ़े नौ बजे तक डिनर कर लेती हूं। डिनर में चिकन की कोई भी डिश होती है। चिकन से बनी कोई भी डिश मुझे पसंद है। यदि रिकॉर्डिग में लेट होता है, तब मैं अंधेरी के एक रेस्टोरेंट से अंडे की भुर्जी और पाव लेती हूं। यह मुझे बहुत पसंद है। यह एक सस्ता रेस्टोरेंट है, लेकिन यहां बहुत टेस्टी भुर्जी मिलती है। फास्ट फूड में पिज्जा अच्छा लगता है। कभी-कभी पंजाबी समोसे भी खा लेती हूं।
चॉकलेट पसंद हैं : मुझे मीठी चीजें बहुत ज्यादा पसंद नहीं हैं। हालांकि चॉकलेट बहुत पसंद है। मुझे कस्टर्ड भी बहुत पसंद है। रात में सोने से पहले दो गिलास पानी पीती हूं। वैसे, पूरे दिन में ढाई लीटर पानी अवश्य पीती हूं। इससे स्किन डिजीज का डर नहीं रहता। पानी हमेशा फिल्टर किया हुआ ही पीती हूं।
-ऐश्वर्या