सहज व सरल कोंकणा

सहज व सरल कोंकणा

जन्मदिन 3 दिसंबर पर विशेष..

इस अभिनेत्री का नाम है कोंकणा सेन शर्मा, जो प्रतिभाशाली, सहज और सरल हैं। मशहूर अभिनेत्री-निर्देशक अपर्णा सेन की इस बिटिया का फिल्मी सफर जहां रफ्तार पकड़ चुका है, वहीं उनके निजी जीवन में भी नई खुशियां दस्तक दे रही हैं। अभिनेता रणवीर शौरी के साथ मधुर संबंध में बंध चुकीं कोंकणा अपने निजी जीवन और फिल्मी करियर का संतुलन बनाते हुए जीवन केएक और नए वर्ष में प्रवेश करने जा रही हैं।

सरल और सहज

निजी जीवन में कोंकणा की सरल वेशभूषा और सहज स्वभाव से परिचित होने पर यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि वे फिल्मों की चकाचौंध-भरी दुनिया की महत्वपूर्ण सदस्य हैं। फिल्मी पृष्ठभूमि में पली-बढ़ी कोंकणा इस मायावी दुनिया की चमक-धमक से दूर हैं। एक आम लड़की की तरह जीवन जीने में यकीन रखने वाली कोंकणा हिंदी फिल्मी सितारों के नखरों से दूर हैं। बेहद सरल और सहज कोंकणा की इसी विशेषता को उनके करीबी उनके व्यक्तित्व का सबसे बड़ा आकर्षण मानते हैं। कोंकणा का ग्लैमर नहीं, उनका अभिनय उन्हें लोकप्रिय और दर्शकों का चहेता बनाता है। यह कोंकणा की सहजता ही है कि उनकी तुलना शबाना आजमी से की जाती है, तो वे कहती हैं, मैंने शबाना जी के साथ कई फिल्में की हैं। मुझे लगता है कि उनसे बेहतरीन अभिनेत्री ढूंढना मुश्किल है, लेकिन सभी मुझे उनके करीब पा रहे हैं, तो यह मेरे लिए गर्व की बात है। मैं पूरी कोशिश करूंगी नए जमाने की शबाना आजमी बनने की।

सक्षम अभिनेत्री

साधारण नैन-नक्श वाली कोंकणा ने जब हिंदी फिल्मों में कदम रखा, तो किसी ने उम्मीद ही नहीं की थी कि वे मुख्य धारा की फिल्मों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी! समय के साथ कोंकणा ने उन संघर्षरत अभिनेत्रियों के समक्ष उदाहरण पेश किया, जो अपनी अभिनय क्षमता केबल पर दर्शकों के दिल में जगह बनाने की इछुक हैं। बहुत थोड़े वक्त में कोंकणा ने हिंदी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

प्रतिभाशाली निर्देशक अपर्णा सेन की बेटी कोंकणा की अभिनय प्रतिभा को हमेशा सम्मान मिलते रहे हैं। अपर्णा भी अपनी बिटिया की अभिनय प्रतिभा की कायल हैं। वे कहती हैं, कोंकणा मुझसे बेहतरीन अभिनेत्री है। अपनी भूमिकाओं के साथ वह प्रयोग करती रहती है। गंभीरता के साथ किए गए ये प्रयोग ही उसे समर्थ अभिनेत्री के रूप में स्थापित करते हैं।

प्रिय सह-कलाकार

कोंकणा अपने मित्रों के साथ-साथ सह-कलाकारों के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं। कोंकणा के साथ अभिनय करने वाले अनुभवी कलाकार जहां एक ओर उनकी ऊर्जा से प्रभावित होते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके नवोदित सह-कलाकार अभिनय की बारीकियां उनसे सीखते हैं। 15 पार्क एवेन्यू में कोंकणा की सह-कलाकार रह चुकीं शबाना आजमी कहती हैं, कोंकणा के लिए मेरे दिल में बेहद आदर है। वह बेहद इंटेलिजेंट ऐक्ट्रेस है। कोंकणा के पास वह साहस है, जो उसे मुश्किल और ऑफबीट भूमिकाओं को भी सहजता से निभाने की प्रेरणा देता है। वह मेरी प्रिय सह-कलाकार है। उसके अभिनय में ईमानदारी झलकती है। तीन फिल्मों में कोंकणा के सह-कलाकार रह चुके कुणाल कपूर कहते हैं, कोंकणा हर बार मुझसे बेहतर साबित हुई। वे मुझे बेहतर करने के लिए प्रेरित करती थीं। वे मेरे अभी तक के फिल्मी करियर की सबसे सहयोगी और प्रतिभावान साथी कलाकार हैं।

-मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित