नए साल में नई उम्मीदें

नए साल में नई उम्मीदें

हर नए साल से इनसान को कुछ नए और अच्छे की उम्मीद होती है। हमारे फिल्मी दुनिया के लोग भी इससे अलग नहीं हैं। वे भी नए साल में अपनी नई फिल्मों से अच्छे की उम्मीद लगाते हैं। यहां हम बात कर रहे हैं हिंदी फिल्मों की उन हीरोइनों की, जो दर्शकों में अपनी अच्छी जगह बना चुकी हैं। एक नजर उन अभिनेत्रियों की आने वाली फिल्मों पर..

अभी बॉलीवुड की हॉट हीरोइन मानी जाती हैं कैटरीना कैफ। गए साल में उनकी चार फिल्में आई, जिन्हें खूब दर्शक मिले। रही सफलता की बात, तो बस सिंह इज किंग ही ऐसी थी, जिसे हिट कहा गया। कैटरीना की आने वाली फिल्में हैं राज कुमार संतोषी की अजब प्रेम की गजब कहानी, प्रियदर्शन की दे दना दन, एंथनी डी-सूजा की ब्लू, कबीर खान की न्यूयॉर्क, प्रकाश झा की राजनीति और प्रभाकर शुक्ला की रेव पार्टी। करीना कपूर के फिल्मी सफर पर नजर डालें, तो बहुत कम फिल्में मिलेंगी, जो सफल हुई हैं, बावजूद इसके वे टॉप हीरोइन मानी जाती हैं। उनकी फिल्में लगातार आ रही हैं। ये सभी बड़े बजट और बड़े बैनरों की हैं। इस साल करीना की छह फिल्में आएंगी। उनकी फिल्मों में से एक है सतीश कौशिक निर्देशित मिलेंगे मिलेंगे, जो वर्षो से रिलीज के लिए तैयार है। करीना की जल्द रिलीज होने वाली फिल्म है प्रियदर्शन की बिल्लू बारबर, लेकिन वे इसमें गेस्ट रोल में हैं। वे आगे राज कुमार हिरानी की थ्री इडियट्स, प्रेम सोनी की मैं और मिसेज खन्ना, साबिर खान की कम्बख्त इश्क और रेंजिल डी-सिल्वा की अनाम फिल्म में दिखेंगी। बॉलीवुड की रानी कहलाने वाली रानी मुखर्जी की गए साल में एक फिल्म आई। नए साल में उनकी अनुराग सिंह निर्देशित हडि़प्पा आएगी। शिल्पा शेट्टी की भी गए साल में दोस्ताना आई, जिसमें उनका बस आइटम डांस था। वे किस हिंदी फिल्म में काम कर रही हैं, ऐसी कोई खबर नहीं है। दीपिका पादुकोण निखिल आडवाणी की चांदनी चौक टू चाइना, प्रियदर्शन की बिल्लू बारबर, इम्तियाज अली की अनाम फिल्म और सजिद खान की हाउसफुल में दिखेंगी।

प्रियंका चोपड़ा की स्थिति भी बॉलीवुड में अच्छी है। वे लगातार बड़ी फिल्मों में नजर आ रही हैं। 2008 में उनकी सात फिल्में आई, जिनमें से सिर्फ फैशन को ही हर तरह से कामयाबी मिली। प्रियंका को अब अपनी आने वाली जिन फिल्मों से उम्मीदें हैं, वे हैं आशुतोष गोवारीकर की व्हाट इज योर राशि, विशाल भारद्वाज की कमीने और फिरोज खान की कुर्बानी हैं। इनमें से उपरोक्त दोनों फिल्में लगभग पूरी हो गई हैं।

ऐश्वर्या राय की गए साल में दो बड़ी फिल्में आई। वे दोनों में दर्शकों को पसंद आई। अब नए साल में भी उनकी कई फिल्में आएंगी, लेकिन हिंदी की वे एकमात्र मणिरत्नम निर्देशित फिल्म रावण में दिखेंगी।

गए साल में ब्लैक ब्यूटी बिपाशा बसु की दो फिल्में दोनों में उनके काम की तारीफ हुई। अब बिपाशा की सुदीप्तो चटोपाध्याय की पंख और राहुल ढोलकिया की लमहा आएगी। अलग कहानी वाली इन फिल्मों में बिपाशा का नॉनग्लैमरस रूप लोगों को दिखेगा।

बॉलीवुड की ग्लैमरस हीरोइनों की जमात में समीरा रेड्डी को भी शामिल किया जाता है। उनकी बीते वर्ष में चार फिल्में आई थीं, जिनमें से रेस को ही दर्शक मिले। अब उनकी जो फिल्में आएंगी, उनमें प्रियदर्शन की दे दना दन उल्लेखनीय है।

अमृता राव भी धीरे-धीरे अपने कदम आगे बढ़ा रही हैं। उनकी पिछले साल तीन फिल्में आई थीं, जिनमें से श्याम बेनेगल की वेलकम टू.. का लोगों ने जमकर वेलकम किया। अब अमृता की जो फिल्में आएंगी, वे हैं अजीतपाल मंगत की विक्ट्री, डेविड धवन निर्देशित हुक या क्रुक, डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी की कुणाल और नीरज वोरा की शॉर्टकट। आयशा टाकिया की पिछले साल दो फिल्में आई। इस साल उनकी पांच फिल्में, अहमद खान की पाठशाला, मिलाप जवेरी की जाने कहां से आई है, प्रभुदेवा की वॉन्टेड, नागेश कुक्नूर की एट बाई टेन और निखिल आडवाणी की अब दिल्ली दूर नहीं आएंगी। अब.. एनिमेशन फिल्म है। इसमें आयशा की आवाज है।

ग्लैमरस सेलिना जेटली की पिछले साल छह फिल्में आई, लेकिन अभी वे बस एक फिल्म नीरज पाठक की रन भोला रन में काम कर रही हैं। सेलिना की तरह ही सोहा अली खान की भी एक फिल्म सुधीर मिश्रा की तेरा क्या होगा जॉनी के आने की बात है। अपनी अदाकारी से लुभाने वाली कंगना राणावत को फैशन में खूब पसंद किया गया। वे इस साल में अनुराग बसु की फिल्म काइट्स और भट्ट कैंप की राज-2 में दिखेंगी। कई अच्छी फिल्में कर चुकीं अमीषा पटेल की इन दिनों वैसे भी कम फिल्में आ रही हैं। पिछले साल उनकी एक फिल्म आई। अब अमीषा प्रियदर्शन की दे दना दन में दिखेंगी। पिछले साल एक-एक फिल्में कर चुकीं विद्या बालन और सुष्मिता सेन की नए साल में कौन-सी फिल्म आएगी, अभी तक कोई खबर नहीं है। नेहा धूपिया की गए साल में सात फिल्में आई, लेकिन नए साल में उनकी एक फिल्म प्रियदर्शन की दे दना दन के बारे में खबर है।

लंबी छरहरी लारा दत्ता पिछले साल एक फिल्म में दिखीं, लेकिन इस साल वे तीन फिल्मों में नजर आएंगी। उनकी ये फिल्में हैं सुधीर मिश्रा की एक और देवदास, एंथनी डी-सूजा की ब्लू और प्रियदर्शन की बिल्लू बारबर। उम्मीद की जाती है कि लारा को इन फिल्मों से इंडस्ट्री में ऊंचाई मिलेगी। कई फिल्में कर चुकीं जेनेलिया डी-सूजा की पिछले साल जब अब्बास टायरवाला निर्देशित जाने तू या जाने ना आई, तो उन्हें इस फिल्म के जरिए कुछ इस तरह पेश किया गया, जैसे वे नवोदित हीरोइन हों! फिल्म को सुपर सफलता मिली, तो उन्हें भी हाथोंहाथ लिया गया। दर्शक उनके बबली लुक के दीवाने हुए, तो फिल्मकार भी उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट करने के लिए सोचने लगे। फिलहाल जेनेलिया के पास दो फिल्में रूमी जाफरी की लाइफ पार्टनर और अनीस बज्मी की इट्स माई लाइफ हैं। वे इन फिल्मों में आगे क्या करती हैं, वक्त बताएगा। एक फिल्म करके दर्शकों के दिल में बसने वाली हीरोइनें हैं रब ने बना दी जोड़ी फेम अनुष्का शर्मा और गजनी फेम असिन। अनुष्का की अभी किसी फिल्म को लेकर चर्चा नहीं है, लेकिन असिन की विपुल शाह निर्देशित फिल्म लंदन ड्रीम्स आएगी।

अंत में यह कहना गलत नहीं होगा कि इस साल में जिन फिल्मों को अपार सफलता मिलेगी, उनकी हीरोइनें अगले साल भी फिल्मों में दिखेंगी। हां, यह अलग बात है कि कुछ हीरोइनें बॉलीवुड की ऐसी हॉट प्रॉपर्टी बन गई हैं कि उनकी फिल्में नहीं चलने के बाद भी वे एक-दो साल तो चर्चा में रहेंगी ही!

-रतन

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:3.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित