
साल के पहले दिन हम आपको हिंदी फिल्मों की दुनिया में ले चलते हैं। आप पिछले साल के सुखद-दुखद मनोरंजक अनुभवों की थाप अभी तक महसूस कर ही रहे होंगे। नए साल में फिल्म इंडस्ट्री नई संभावनाओं के साथ सिनेमाघरों में आपको बुलाने की तैयारी कर रही है। फिल्मों को इंतजार है कि आप सपरिवार या दोस्तों-परिचितों के साथ उसका नतीजा देखने आएं। उसकी नई धुनों पर गुनगुनाएं, कॉमेडी से हंसें, ऐक्शन से रोमांच महसूस करें अैर ज्वलंत मुद्दों वाली फिल्मों से उत्तेजित भी हों। रोमांस हिंदी फिल्मों की रगों में बहता है, क्योंकि हर फिल्म एक नए अंदाज में लोगों को रोमानी संसार में ले जाने की कोशिश करती है। इस श्रेणी और विधा की अनेक फिल्में दिखेंगी।
शुरुआत खान स्टार्स से ही करते हैं। आमिर, सलमान और शाहरुख पिछले साल सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। इस साल भी वे सुर्खियों में रहेंगे, क्योंकि उनकी चमक और धमक अभी कम नहीं होगी। गजनी में अपने रोमांस और ऐक्शन का जलवा दिखाने के बाद आमिर राज कुमार हिरानी की थ्री इडियट्स में व्यस्त रहेंगे। इस फिल्म के वे एक इडियट हैं। थ्री इडियट्स कॉमेडी फिल्म नहीं है, बल्कि यह ह्यूमर है। वैसे, हिंदी फिल्मों में अभी कॉमेडी, ह्ययूमर और सटायर को अलग-अलग तरीके से पेश करती हुई फिल्में नहीं बनी हैं।
शाहरुख खान की हालिया रिलीज फिल्म रब ने बना दी जोड़ी को मिश्रित प्रतिक्रिया मिली। इस साल उनकी एक छोटी फिल्म बिल्लू बार्बर पहले आएगी। इस रिमेक फिल्म में वैसे तो हीरो इरफान खान हैं, लेकिन किसी फिल्म में शाहरुख की मौजूदगी हो, तो इसमें कोई दो राय नहीं कि दर्शकों का सारा ध्यान उधर ही टिकता है। इस साल वे करण जौहर की माई नेम इज खान की शूटिंग करेंगे। अमेरिका में मुसलमानों की स्थिति को नई परिस्थिति में चित्रित करने की कोशिश में लगे हैं करण जौहर। करण पहली बार अपनी पॉपुलर स्टाइल से अलग हो रहे हैं। साल के अंत तक यह फिल्म रिलीज हो सकती है।
सलमान खान को फर्क नहीं पड़ता कि उनकी युवराज नहीं चली। वे अपनी राजसी अंदाज में ही रहते हैं। इस साल उनकी सबसे ज्यादा फिल्में आएंगी। मैं और मिसेज खन्ना लगभग पूरी हो चुकी है। उसके बाद विपुल शाह की लंदन ड्रीम्स और फिर वांटेड : डेड ऐंड अलाइव आएगी। सलमान की लिखी फिल्म वीर की शूटिंग पिछले साल ही आरंभ हो गई थी। इस फिल्म में वे निराले अंदाज में दिखेंगे। हालांकि सभी कह रहे हैं कि सलमान को अपने करियर के प्रति सीरियस हो जाना चाहिए, लेकिन वे जिंदगी का लहजा बदलने के लिए तैयार नहीं हैं।
सैफ अली खान की फिल्म की शूटिंग तेजी से पूरी हो रही है। इम्तियाज अली के निर्देशन में बन रही फिल्म से सैफ और उनके प्रशंसकों को उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि ओमकारा के बाद एक बार फिर सैफ को दर्शक सराहेंगे। अपने होम प्रोडक्शन के बाहर वे गिनी-चुनी फिल्में ही कर रहे हैं। करण जौहर के लिए रेंजिल डी-सिल्वा की फिल्म में वे अपनी प्रेमिका करीना कपूर के साथ दिखेंगे।
अक्षय कुमार की फिल्म चांदनी चौक टू चाइना पिछले साल से छिटककर इस साल रिलीज हो रही है। अक्षय की इस फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी हुई है। उसके बाद कमबख्त इश्क आएगी। इस फिल्म में वे करीना के साथ दिखेंगे। उनकी ब्लू और दे दना दन भी चर्चा में हैं।
रितिक रोशन के होम प्रोडक्शन की फिल्म काइट्स के निर्देशक अनुराग बसु हैं। फिल्म में उनकी हीरोइन मूरी बारबरा हैं। विदेशी पृष्ठभूमि पर आधारित इस अनोखी प्रेम कहानी में दर्शकों को कुछ नए दृश्य और प्रसंग दिखेंगे। रितिक खामोशी से अपनी फिल्में करते हैं। उनकी लगन और मेहनत की तुलना केवल आमिर से ही की जा सकती है। उनकी एक झलक लक बाई चांस में दिखेगी।
अभिषेक बच्चन की दिल्ली-6 फरवरी में आएगी। राकेश मेहरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ हैं सोनम कपूर। दिल्ली के चांदनी चौक के माहौल में अमेरिका से आए एक युवक के विस्मय के साथ ही सामाजिक पहलुओं का भी दर्शन करेंगे। रंग दे बसंती से राकेश मेहरा ने अपना मानदंड बढ़ा दिया है। कहा जा सकता है कि दिल्ली-6 दर्शकों को नया अनुभव देगी। इसके अलावा, साल के अंत तक मणिरत्नम की फिल्म भी आ सकती है, जिसमें वे ऐश्वर्या राय के साथ हैं। रणवीर कपूर ने दो फिल्मों से ही हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक खास जगह बना ली है। इस साल वे राज कुमार संतोषी के निर्देशन में अजब प्रेम की गजब कहानी में कैटरीना कैफ के साथ नजर आएंगे। संतोषी ने इस फिल्म में अपना अंदाज बदला है। उम्मीद है कि इस बार उन्हें कामयाबी जरूर मिलेगी। रणवीर कपूर फरवरी से प्रकाश झा की मल्टी स्टारर फिल्म राजनीति की शूटिंग आरंभ करेंगे।
अजय देवगन की गोलमाल रिटर्न्स चामत्कारिक ढंग से हिट हो गई। इस साल उनकी कार्टून फिल्म टूनपुर का सुपर हीरो काजोल के साथ आएगी। उनकी लंदन ड्रीम्स साल के अंत तक आएगी। प्रकाश झा की राजनीति फरवरी में आरंभ हो रही है। दोनों की केमिस्ट्री फिर से दिखेगी। इनके अलावा, इस साल कुछ और छोटी-बड़ी फिल्में भी आएंगी। हो सकता है कि उनमें कुछ बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार करें!
-अजय ब्रह्मात्मज